home page

महिला प्रीमियर लीग 2027 का शेड्यूल घोषित, 14 जनवरी से शुरू होगा पांचवां सत्र

 | 

नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टाटा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 के पांचवें सत्र और खिलाड़ी नीलामी से जुड़ी प्रमुख तारीखों की घोषणा कर दी है। आगामी सत्र 14 जनवरी से 07 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा।

महिला क्रिकेट की प्रमुख टी20 लीगों में शामिल डब्ल्यूपीएल ने भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों को एक मंच उपलब्ध कराने के साथ उभरती प्रतिभाओं को उच्च स्तर की प्रतियोगिता का अनुभव देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नए सत्र की तैयारियों के तहत सबसे पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मौजूदा पांच फ्रेंचाइजी को अपनी टीमों में शामिल खिलाड़ियों को बरकरार रखने का मौका मिलेगा। रिटेंशन की अंतिम तारीख 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इसके बाद टीमों के गठन का अगला चरण खिलाड़ी नीलामी के साथ पूरा होगा। डब्ल्यूपीएल 2027 की खिलाड़ी नीलामी 28 अक्टूबर 2026 को केरल के कोच्चि स्थित ग्रैंड हयात में आयोजित की जाएगी।

नीलामी के दौरान पांचों फ्रेंचाइजी आगामी सत्र के लिए अपने मौजूदा दल को मजबूत करने और आवश्यक खिलाड़ियों को शामिल करने की कोशिश करेंगी। रिटेंशन और नीलामी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीमें 14 जनवरी से शुरू होने वाले पांचवें सत्र के लिए अंतिम रूप लेंगी।

बीसीसीआई के अनुसार, डब्ल्यूपीएल भारतीय महिला क्रिकेट में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और घरेलू खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर देने वाला प्रमुख मंच बना हुआ है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय