फिट इंडिया 'संडेज ऑन साइकिल’ में 1000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया
- फिट इंडिया अब बन चुका है जन आंदोलन : गीता फोगाट
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में रविवार को नारी शक्ति को समर्पित फिट इंडिया 'संडेज ऑन साइकिल’ का विशेष संस्करण आयोजित किया गया। इस विशेष संस्करण में महिला पहलवान गीता फोगाट, बॉक्सर स्वीटी बूरा, अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी समेत 1000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
भारत की पहली कॉमनवेल्थ स्वर्ण पदक विजेता महिला पहलवान गीता फोगाट कहा कि आज मुझे बहुत मजा आया। मुझे यह देखकर बेहद खुशी हुई कि इतनी सारी युवा माताएं अपने छोटे बच्चों के साथ और यहां तक कि बुजुर्ग महिलाएं भी मेरे साथ साइकिल चला रही थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिट इंडिया अभियान की शुरुआत की थी और आज यहां आकर मुझे एहसास हुआ कि यह वास्तव में जन आंदोलन बन चुका है और लोग फिटनेस को गंभीरता से लेने लगे हैं।
पूरे देश में एक साथ आयोजित इस विशेष संस्करण में 2000 से अधिक स्थानों पर लोगों ने हिस्सा लिया। महानगरों से लेकर छोटे शहरों तक, बड़ी संख्या में महिलाओं ने साइकिल रैलियों और फिटनेस गतिविधियों में भाग लेकर शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया।
महिलाओं के लिए इस विशेष आयोजन के महत्व पर स्वीटी बूरा ने कहा कि महिला परिवार की धुरी होती है। अगर वह स्वस्थ और फिट रहती है, तो न केवल अपने परिवार का बेहतर ख्याल रख सकती है, बल्कि कार्यक्षेत्र में योगदान देकर देश के विकास में भी भूमिका निभा सकती है। मुझे यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि महिलाएं यह समझ रही हैं और अपनी फिटनेस को गंभीरता से ले रही हैं।
अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं में साइकिलिंग और फिटनेस को लेकर इतना उत्साह देखकर बहुत खुशी होती है। यह पहल दिखाती है कि फिटनेस आसान और मजेदार है और इसे कहीं भी, कभी भी किया जा सकता है।
सुबह की शुरुआत योगासन, जुम्बा, रस्सी कूद, मल्लखंभ और रस्साकशी जैसी गतिविधियों से हुई। फिट इंडिया आइकन मिलिंद सोमन की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और उत्साहपूर्ण बना दिया। उन्होंने महिलाओं को फिटनेस चैलेंज भी दिए और उनके साथ रस्साकशी में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को साइकिलिंग को एक सरल, टिकाऊ और प्रभावी फिटनेस गतिविधि के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था। लगभग एक घंटे तक चली फिटनेस गतिविधियों के बाद महिलाओं ने इंडिया गेट के आसपास साइकिल चलाई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

