धोनी की शांत कप्तानी ने मुझे प्रभावित किया: सुभ्रांशु सेनापति
नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। ओडिशा टी20 लीग की फ्रेंचाइजी टीम केओंझर माइनर्स के कप्तान सुभ्रांशु सेनापति ने टूर्नामेंट में मिली एक और शानदार जीत को शान्त रवैये और संयम के तरीके की जीत बताया। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शान्त चित्त होकर रणनीतियों पर काम करने की योजना की तारीफ की और उसे ही अपनी प्रेरणा बताई।
टूर्नामेंट में एक और जीत के बाद सेनापति ने कहा कि शुरुआती मैच में हार के बाद टीम पर दबाव था, लेकिन खिलाड़ियों ने खुद पर भरोसा बनाए रखा। वरिष्ठ खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के सहयोग से टीम ने लय हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम संतुलित है और अलग-अलग परिस्थितियों में पांच, 10 या 20 ओवर के मैच खेलने के लिए तैयार है।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में रहते हुए एमएस धोनी की कप्तानी और उनके शांत रवैये को बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा कि वो मानते हैं कि दबाव के समय शांत रहने से फैसले लेने के लिए ज्यादा विकल्प मिलते हैं। कप्तान के तौर पर धोनी के फैसलों को बारिकी से समझने को लेकर उन्होंने कहा कि माही सर के शांत स्वभाव ने उन्हें शुरू से प्रभावित किया। सेनापति के मुताबिक, धोनी किसी भी परिस्थिति में आखिरी तक मैच नहीं छोड़ते और मैदान पर उनकी योजना बनाने का तरीका अलग है।
सेनापति ने इस टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के लिए भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि प्रसारण के कारण जिला स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा बड़े दर्शकों के सामने दिखाने का मौका मिल रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

