home page

11 व 12 अगस्त को होंगे प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के ट्रायल

 | 
11 व 12 अगस्त को होंगे प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के ट्रायल


बालक एवं बालिका अधिकतम पांच स्पर्धाओं में ही प्रतिभाग कर सकेंगे : क्रीडाधिकारी

मुरादाबाद, 01 अगस्त (हि.स.)। खेल विभाग एवं प्रदेशीय क्रीडा संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 अगस्त तक अयोध्या में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए मुरादाबाद जनपद व मुरादाबाद मंडल की टीम का चयन नेता जी सुभाषचंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम रामगंगा विहार मुरादाबाद में ट्रायल के माध्यम से होगा।

इसके लिए 11 अगस्त को जिला स्तरीय जबकि मंडलीय ट्रायल 12 अगस्त को होंगे। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल 50, 200 व 400 मीटर, बैक स्ट्रोक 50, 100 व 200 मीटर, ब्रेस्ट स्ट्रोक 50, 100 व 200 मीटर, बटरफ्लाई स्ट्रोक 50, 100 व 200 मीटर, व्यक्तिगत मेडले 200 मीटर, फ्री स्टाइल रिले चार गुणा 100 मीटर तथा मेडले रिले चार गुणा 100 मीटर स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार बताया कि प्रत्येक बालक एवं बालिका अधिकतम पांच स्पर्धाओं में ही प्रतिभाग कर सकेंगे। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड एवं जन्मतिथि प्रमाण-पत्र लाना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल