home page

युवा ओलंपिक में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 10 पदकों के साथ अभियान खत्म

 | 
युवा ओलंपिक में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 10 पदकों के साथ अभियान खत्म


- मुक्केबाजी में पहली बार दो स्वर्ण पदक, तैराकी में तीन पदकों सहित सात खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। सेनेगल के डकार में आयोजित युवा ओलंपिक खेलों में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते। भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया। इन पदकों में खेलो इंडिया के पांच खिलाड़ियों तन्वी पत्री (बैडमिंटन), खुशबू राजकभाई (जूडो), शौर्य अंबुरे (एथलेटिक्स), गुंजन (मुक्केबाजी) और तीर्थंक पेगू (तैराकी) का योगदान रहा।

भारतीय दल के 17 में से नौ खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तैराक धिनिधि देसिंघु ने इतिहास रचते हुए युवा ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। धिनिधि इससे पहले टॉप्स कार्यक्रम का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

डकार में भारत का 10 पदकों का प्रदर्शन युवा ओलंपिक इतिहास में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने इससे पहले 2018 युवा ओलंपिक में 13 पदक जीते थे। इस बार मुक्केबाज गुंजन और एल. अंबेकर मीतेई ने भारत को मुक्केबाजी में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। शौर्य अंबुरे ने एथलेटिक्स में भारत का पहला पदक जीता, जबकि तानिया ने युवा ओलंपिक में कुश्ती का पहला पदक हासिल किया।

भारत ने इन खेलों में 11 खेलों में हिस्सा लिया और सात खेलों में पदक जीतने में सफलता हासिल की। तैराकी, बीच कुश्ती और वुशू में भारत ने पहली बार पदक जीते। मुक्केबाजी में भारत ने युवा ओलंपिक के इतिहास में पहली बार स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा किया। एल. अंबेकर मीतेई ने पुरुषों के 50 किलोग्राम वर्ग और गुंजन ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने युवा ओलंपिक के किसी एक संस्करण में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्वर्ण पदक प्रदर्शन भी दर्ज किया।

मुक्केबाजी में दो स्वर्ण पदकों के अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने कई अन्य खेलों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। तैराकी भारत का सबसे सफल खेल रहा, जिसमें देश ने कुल तीन पदक जीते। यह युवा ओलंपिक में तैराकी में भारत के पहले तीन वैश्विक पदक भी हैं। बैडमिंटन में तन्वी पत्री ने लड़कियों की एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता। वह युवा ओलंपिक में बैडमिंटन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। बीच कुश्ती में तानिया ने लड़कियों के 75 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक हासिल किया। यह युवा ओलंपिक में बीच कुश्ती में भारत का पहला पदक है।

एथलेटिक्स में शौर्य अंबुरे ने लड़कियों की 100 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। वह युवा ओलंपिक में एथलेटिक्स पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। भारतीय खेल प्राधिकरण के इम्फाल स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की खिलाड़ी राजकुमारी लांचेनबी चानू ने वुशू लड़कियों की चांगक्वान संयुक्त स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। यह युवा ओलंपिक में वुशू में भारत का पहला पदक है।

डकार युवा ओलंपिक-2026 में भारत के पदक विजेता

स्वर्ण पदक

* एल. अंबेकर मीतेई – मुक्केबाजी, लड़कों का 50 किलोग्राम वर्ग

* गुंजन – मुक्केबाजी, लड़कियों का 48 किलोग्राम वर्ग

रजत पदक

3. खुशबू राजकभाई दरजादा – जूडो, लड़कियों का 63 किलोग्राम वर्ग

4. तन्वी पत्री – बैडमिंटन, लड़कियों की एकल स्पर्धा

कांस्य पदक

5. धिनिधि देसिंघु – तैराकी, लड़कियों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल

6. राजकुमारी लांचेनबी चानू – वुशू, लड़कियों की चांगक्वान संयुक्त स्पर्धा

7. धिनिधि देसिंघु – तैराकी, लड़कियों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल

8. तीर्थंक पेगू – तैराकी, लड़कों की 200 मीटर बटरफ्लाई

9. तानिया – बीच कुश्ती, लड़कियों का 75 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग

10. शौर्य अंबुरे – एथलेटिक्स, लड़कियों की 100 मीटर बाधा दौड़

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे