home page

एशियाई खेल चयन ट्रायल्स में थमा विनेश का सफर, सेमीफाइनल में मीनाक्षी से मिली हार

 | 
एशियाई खेल चयन ट्रायल्स में थमा विनेश का सफर, सेमीफाइनल में मीनाक्षी से मिली हार


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। दो बार की विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता भारतीय पहलवान विनेश फोगाट का एशियाई खेल 2026 चयन ट्रायल्स में सफर सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें मीनाक्षी गोयत के हाथों 4-6 से हार का सामना करना पड़ा।

विनेश ने ट्रायल्स की शुरुआत जोरदार अंदाज में की थी। पहले दौर में उन्होंने ज्योति को 7-1 से हराया। इसके बाद क्वार्टरफाइनल में निशु के खिलाफ बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में उन्होंने मानदंड (क्राइटेरिया) के आधार पर जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

हालांकि सेमीफाइनल के मुकाबले में मीनाक्षी गोयत ने उन्हें कड़ी टक्कर दी और 6-4 से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मीनाक्षी इससे पहले एशियाई चैंपियनशिप ट्रायल्स में भी चर्चित पहलवान अंतिम पंघाल को हराकर सुर्खियों में आई थीं।

इस हार के साथ ही विनेश फोगाट की प्रतिस्पर्धी वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। साथ ही इस वर्ष जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का उनका सपना भी लगभग टूट गया है।

53 किलोग्राम वर्ग में खेलने को लेकर हुआ था विवाद

सेमीफाइनल तक पहुंचने से पहले विवाद भी सामने आया। शनिवार सुबह आधिकारिक वजन प्रक्रिया (वेट-इन) के दौरान विनेश को बताया गया था कि वे केवल 50 किलोग्राम वर्ग में ही ट्रायल खेल सकती हैं, क्योंकि उनके पिछले चार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट, जिनमें पेरिस ओलंपिक भी शामिल है, इसी वर्ग में खेले गए थे।

विनेश ने इस निर्णय का विरोध किया और भारतीय कुश्ती महासंघ पर भेदभाव का आरोप लगाया। बाद में महासंघ ने अपना फैसला बदलते हुए उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में खेलने की अनुमति दे दी।

इसके बाद विनेश ने 53.9 किलोग्राम वजन दर्ज कराया और 53 किलोग्राम वर्ग के ड्रॉ में शामिल हुईं। हालांकि सेमीफाइनल में मिली हार के साथ उनका अभियान समाप्त हो गया।

एशियाई खेलों के लिए चयन ट्रायल्स के विजेता को भारत की ओर से एशियाई खेल 2026 में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे