अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप : दिल्ली ट्रायल के बाद भारतीय महिला टीम का चयन, हरियाणा का दबदबा
नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में चयन ट्रायल के बाद अमेरिका में होने वाली आगामी अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला टीम को अंतिम रूप दे दिया है। एक दिवसीय ट्रायल में सभी 10 भार वर्गों में पहलवानों ने हिस्सा लिया।
हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित प्रमुख कुश्ती राज्यों के पहलवानों ने भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए जोरदार मुकाबला किया। अपने-अपने भार वर्ग में पहला स्थान हासिल करने वाली पहलवान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली पहलवानों को राष्ट्रीय शिविर में शामिल किया जाएगा, जहां वे अभ्यास के लिए सहयोग देंगी और टीम की तैयारियों को मजबूत करेंगी।
डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने ट्रायल में दिखाए गए प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय महिला कुश्ती में प्रतिभा और गहराई की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित पहलवान वरिष्ठ विश्व चैंपियनशिप और अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी।
ट्रायल में हरियाणा का दबदबा देखने को मिला। हरियाणा की कई पहलवानों ने अपने-अपने भार वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की पहलवानों ने भी कई भार वर्गों में मजबूत प्रदर्शन किया।
10 भार वर्गों में चयनित पहलवान
50 किग्रा:
परवीन (हरियाणा)-प्रथम,
प्रियान्शी (मध्य प्रदेश)-द्वितीय
53 किग्रा:
स्वीटी (हरियाणा)-प्रथम,
डोली (उत्तर प्रदेश)-द्वितीय
55 किग्रा:
अहिल्या शिंदे (महाराष्ट्र)-प्रथम,
काजल (हरियाणा)-द्वितीय
57 किग्रा:
नेहा शर्मा (दिल्ली)-प्रथम,
सिमरन (हरियाणा)-द्वितीय
59 किग्रा:
कोमल (हरियाणा)-प्रथम,
अंजलि (हरियाणा)-द्वितीय
62 किग्रा:
नेहा (हरियाणा)-प्रथम,
नितिका (दिल्ली)-द्वितीय
65 किग्रा:
वैश्नवी पाटिल (महाराष्ट्र)-प्रथम,
अंजलि (हरियाणा)-द्वितीय
68 किग्रा:
मानसी लाठर (महाराष्ट्र)-प्रथम,
सृष्टि (दिल्ली)-द्वितीय
72 किग्रा:
अमृता पुजारी (महाराष्ट्र)-प्रथम,
तनु शर्मा (हरियाणा)-द्वितीय
76 किग्रा:
दीक्षा मलिक (हरियाणा)-प्रथम,
मनीषा भानवाला (हरियाणा)-द्वितीय
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब भारतीय पहलवान राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा लेंगी। इसके बाद टीम अमेरिका रवाना होगी, जहां भारतीय महिला पहलवान अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में दुनिया की शीर्ष युवा पहलवानों के खिलाफ चुनौती पेश करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

