home page

यूपी टी20 लीग में शुभम गौतम को टीम से जोड़ना नोएडा किंग्स का सबसे बड़ा दांव : अनुज शर्मा

 | 
यूपी टी20 लीग में शुभम गौतम को टीम से जोड़ना नोएडा किंग्स का सबसे बड़ा दांव : अनुज शर्मा


नोएडा, 04 अगस्त (हि.स.)। यूपी टी20 लीग 2026 के लिए हुई खिलाड़ी नीलामी के बाद नोएडा किंग्स के मालिक अनुज शर्मा ने कहा कि यूपीसीए स्पीड हंट से उभरकर आए तेज गेंदबाज शुभम गौतम को टीम में शामिल करना फ्रेंचाइजी का सबसे सफल फैसला रहा। उन्होंने बताया कि शुभम गौतम को खरीदना उनकी पहली प्राथमिकता थी और टीम अपनी लगभग सभी रणनीतियों को सफलतापूर्वक लागू करने में कामयाब रही।

अनुज शर्मा ने मंगलवार को फ्रैंचाइजी की ओर से जारी बयान में कहा, नीलामी हमारे लिए बेहद सफल रही। हमने अपने लगभग 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए। टीम संयोजन बनाते समय अच्छे बल्लेबाज, विकेटकीपर, गेंदबाज और ऑलराउंडर को संतुलित तरीके से चुनना जरूरी होता है। हमारी टीम पूरी योजना के अनुसार तैयार हुई है और अब खिलाड़ियों को मैदान पर प्रदर्शन करना है।

उन्होंने बताया कि शुभम गौतम को खरीदने के लिए टीम पहले से तैयार थी। यूपीसीए स्पीड हंट से मिले शुभम गौतम को टीम में शामिल करना हमारा सबसे बड़ा चयन रहा। हमें पता था कि कई फ्रेंचाइजी उन पर बोली लगाएंगी। शिवा सिंह और शुभम गौतम दोनों को लेने की हमारी स्पष्ट योजना थी। हमने शिवा सिंह के लिए लगभग 25 लाख रुपये तक खर्च करने की तैयारी की थी, लेकिन वह 17.5 लाख रुपये में मिल गए। इससे हमें शुभम गौतम पर 21.5 लाख रुपये की सफल बोली लगाने का अवसर मिला। हमारी पूरी योजना सफल रही।

नोएडा किंग्स ने इस बार अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण तैयार किया है। टीम ने स्टार ऑलराउंडर प्रशांत वीर को रिटेन किया है, जिन्हें हाल ही में आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स ने अनुबंधित किया है। पिछले सीजन में उन्होंने 320 रन बनाने के साथ आठ विकेट भी लिए थे।

टीम में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके तेज गेंदबाज नमन तिवारी भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले संस्करण में 19 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा ट्रेड के जरिए आए आक्रामक बल्लेबाज माधव कौशिक और स्पिनर शिवा सिंह से भी टीम को बड़ी उम्मीदें हैं।

नीलामी के बाद अब नोएडा किंग्स की नजरें प्रशिक्षण शिविर पर हैं। फ्रेंचाइजी का लक्ष्य इस सीजन मजबूत प्रदर्शन करते हुए पहली बार यूपी टी20 लीग का खिताब जीतना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे