विंबलडन: ओसाका ने आर्यना सबालेंका को हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
लंदन, 06 जुलाई (हि.स.)। जापान की स्टार टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने रविवार को विंबलडन 2026 में बड़ा उलटफेर करते हुए महिला एकल की विश्व नंबर एक और शीर्ष वरीय आर्यना सबालेंका को सीधे सेटों में 6-2, 7-6 (7-2) से हराकर पहली बार टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सेंटर कोर्ट पर खेले गए इस बहुचर्चित मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के नाम कुल आठ ग्रैंड स्लैम खिताब होने के कारण मुकाबले से काफी रोमांच की उम्मीद थी। हालांकि 14वीं वरीय ओसाका ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और सबालेंका को वापसी का मौका नहीं दिया।
पहले सेट में सबालेंका का दमदार खेल पूरी तरह बिखरा नजर आया। उनके लगातार गलत शॉट्स के कारण वह महज 32 मिनट में पहला सेट 2-6 से हार गईं। इस दौरान वह कई बार निराशा में कोर्ट पर चीखती हुई भी दिखाई दीं।
दूसरे सेट में मुकाबला अपेक्षाकृत कड़ा रहा और दर्शकों को रोमांचक टक्कर देखने को मिली। हालांकि टाईब्रेक में ओसाका ने शानदार संयम दिखाया और 7-2 से जीत दर्ज करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह जीत ओसाका के लिए विशेष महत्व रखती है। 2023 में मातृत्व अवकाश के बाद टूर पर वापसी करने के बाद यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। अब वह पहली बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में खेलती नजर आएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

