home page

यूएस ओपन: श्रीराम बालाजी और इवान किंग ने छह मैच प्वाइंट बचाकर दूसरे दौर में बनाई जगह

 | 
यूएस ओपन: श्रीराम बालाजी और इवान किंग ने छह मैच प्वाइंट बचाकर दूसरे दौर में बनाई जगह


न्यूयॉर्क, 05 सितंबर (हि.स.)। भारत के श्रीराम बालाजी और उनके अमेरिकी जोड़ीदार इवान किंग ने शानदार वापसी करते हुए यूएस ओपन 2026 पुरुष युगल के दूसरे दौर में जगह बना ली है। दोनों ने पहले दौर के रोमांचक मुकाबले में रोलां गैरो के क्वार्टर फाइनलिस्ट सैंडर आरेंड्स और डेविड पेल को 3-6, 7-6(7), 7-6(10) से हराया।

बालाजी और किंग ने मुकाबले के दौरान कुल छह मैच प्वाइंट बचाए। पहला सेट गंवाने के बाद दोनों पर दूसरे सेट के टाईब्रेक में भी दबाव था, लेकिन उन्होंने दो मैच प्वाइंट बचाकर टाईब्रेक जीता और मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचाया।

निर्णायक सेट में भी भारतीय-अमेरिकी जोड़ी मुश्किल स्थिति में थी। 5-6 से पीछे रहते हुए उन्होंने तीन मैच प्वाइंट बचाए और मुकाबले को फिर टाईब्रेक तक पहुंचाया। निर्णायक टाईब्रेक में दोनों ने धैर्य बनाए रखा और 12-10 से जीत दर्ज कर शानदार वापसी पूरी की।

अब दूसरे दौर में बालाजी और किंग का सामना ह्यूगो निस और एडुआर्ड रोजर-वसेलां से होगा। निस और रोजर-वसेलां ने पहले दौर में याकुब पॉल और मातेज वोसेल को 7-6(4), 7-5 से हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे