home page

चोट के कारण अमेरिकी ओपन 2026 से हटे जैनिक सिनर

 | 
चोट के कारण अमेरिकी ओपन 2026 से हटे जैनिक सिनर


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने शुक्रवार को चोट के कारण अमेरिकी ओपन 2026 से हटने की पुष्टि की। दाएं घुटने की चोट से पूरी तरह उबरने के लिए सिनर को अभी और समय की जरूरत है।

सिनर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा, “अपनी टीम और चिकित्सा स्टाफ के साथ कड़ी मेहनत करने के बावजूद हमें यह कठिन फैसला लेना पड़ा कि मैं इस साल अमेरिकी ओपन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा।”

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मोंटे कार्लो में अभ्यास के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि दाएं घुटने की समस्या से उबरने के लिए अभी और समय चाहिए। सिनर ने कहा, “मैं निश्चित रूप से बहुत दुखी और निराश हूं, क्योंकि न्यूयॉर्क मेरे दिल में एक खास जगह रखता है।”

सिनर पिछले साल अमेरिकी ओपन के उपविजेता रहे थे। 2025 के फाइनल में उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्कराज के हाथों 2-6, 6-3, 1-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, अल्कराज ने भी शुक्रवार को अमेरिकी ओपन में वापसी की पुष्टि की। कलाई की चोट के कारण वह चार महीने से प्रतिस्पर्धी टेनिस से दूर हैं।

अमेरिकी ओपन 23 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे