home page

डब्ल्यूटीए फाइनल्स: लिंडा नोस्कोवा ने कोको गॉफ को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

 | 
डब्ल्यूटीए फाइनल्स: लिंडा नोस्कोवा ने कोको गॉफ को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह


चेक गणराज्य की आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने सीधे सेटों में दर्ज की जीत, यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक टूर्नामेंट से बाहर

इंडियन वेल्स, 11 नवंबर (हि.स.)।विंबलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए कोको गॉफ को सीधे सेटों में हराकर डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, जेसिका पेगुला ने यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक को हराकर अंतिम चार में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखीं।

चेक गणराज्य की आठवीं वरीयता प्राप्त नोस्कोवा ने ग्रुप-1 के मुकाबले में गॉफ को 6-3, 6-3 से शिकस्त दी। उन्होंने गॉफ की कमजोर सर्विस का फायदा उठाते हुए पहले सेट में चार बार उनकी सर्विस तोड़ी और 6-3 से सेट अपने नाम किया।

दूसरे सेट की शुरुआत में भी नोस्कोवा ने निर्णायक ब्रेक हासिल किया। इसके बाद उन्होंने मैच में अपना नौवां ऐस लगाते हुए मुकाबला समाप्त किया और सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

जीत के बाद नोस्कोवा ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। इस प्रतियोगिता में हर जीत महत्वपूर्ण है। कोको एक बड़ी प्रतिद्वंद्वी हैं, इसलिए मुझे आज हर तरह की चुनौती के लिए तैयार रहना था।”

उन्होंने कहा, “कोको के खिलाफ आखिरी अंक तक खेलना होता है, क्योंकि वह अपनी सर्विस और संघर्ष करने की क्षमता से किसी भी समय वापसी कर सकती हैं। मुझे लगा कि मैंने उन पर दबाव बनाने के लिए शानदार खेल दिखाया।”

नोस्कोवा ने रविवार को अपने शुरुआती ग्रुप मुकाबले में यूक्रेन की कोस्त्युक को भी हराया था।

पेगुला ने कोस्त्युक को हराकर उम्मीदें रखीं कायम

दूसरी ओर, अमेरिका की जेसिका पेगुला ने उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में कोस्त्युक को 6-2, 7-5 से हराया। इस हार के साथ कोस्त्युक टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। अब ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाले अंतिम खिलाड़ी के लिए कोको गॉफ और पेगुला के बीच मुकाबला होगा।

पेगुला को अपने शुरुआती मुकाबले में रविवार को गॉफ के हाथों हार मिली थी। लेकिन मंगलवार को उन्होंने शानदार वापसी करते हुए कोस्त्युक को मात दी।

जीत के बाद पेगुला ने कहा, “मुझे लगता है कि मैं अच्छा खेल रही हूं। कोको के खिलाफ मेरा मुकाबला काफी उच्च स्तर का था और आज का मैच भी शानदार रहा।”

कोस्त्युक की खेल शैली को चुनौतीपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा, “उनके खिलाफ खेलना काफी मुश्किल है, क्योंकि आप नहीं जानते कि अगले पल क्या होने वाला है। वह अचानक तेज शॉट खेलने लगती हैं, नेट पर आ जाती हैं, रिटर्न पर आक्रामक हो जाती हैं या उनकी सर्विस शानदार होने लगती है। यही वजह है कि उनके खिलाफ खेलना कठिन होता है।”

दूसरे सेट में पेगुला ने दिखाया धैर्य

32 वर्षीय पेगुला ने पहले सेट में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। उन्होंने पहले और सातवें गेम में कोस्त्युक की सर्विस तोड़कर सेट 6-2 से जीत लिया।

दूसरे सेट में मुकाबला काफी रोमांचक हो गया। शुरुआत में लगातार चार बार सर्विस ब्रेक हुईं। इसके बाद कोस्त्युक ने अपनी सर्विस बचाते हुए 3-2 की बढ़त बना ली।

अगले गेम में यूक्रेनी खिलाड़ी के पास पेगुला की सर्विस तोड़ने का मौका था, लेकिन वह ब्रेक प्वाइंट का फायदा नहीं उठा सकीं। पेगुला ने सर्विस बचाकर स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद अगले चार गेम में दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी सर्विस बरकरार रखी।

निर्णायक मोड़ 11वें गेम में आया, जब पेगुला ने कोस्त्युक की सर्विस तोड़ दी। उन्होंने चौथे ब्रेक प्वाइंट पर सफलता हासिल करते हुए 6-5 की बढ़त बनाई और फिर अपनी सर्विस बचाकर मुकाबला जीत लिया। कोस्त्युक के फोरहैंड शॉट के कोर्ट से बाहर जाने के साथ ही पेगुला की जीत पक्की हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे