home page

फ्रेंच ओपन : युकी भांबरी मिश्रित युगल के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, अनिरुद्ध चंद्रशेखर पुरुष युगल से बाहर

 | 
फ्रेंच ओपन : युकी भांबरी मिश्रित युगल के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, अनिरुद्ध चंद्रशेखर पुरुष युगल से बाहर


पेरिस, 29 मई (हि.स.)। भारतीय टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने अपनी रूसी जोड़ीदार अलेक्जेंड्रा पानोवा के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंच ओपन 2026 के मिश्रित युगल प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं, पुरुष युगल में अनिरुद्ध चंद्रशेखर और जापान के ताकेरू युजुकी की जोड़ी हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

युकी और अलेक्जेंड्रा ने गुरुवार देर रात खेले गए मैच में नीदरलैंड्स के डेविड पेल और यूक्रेन की ल्यूडमिला किचेनोक की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 7-6(2), 7-6(5) से हराया। एक घंटा 50 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने दबाव के क्षणों में शानदार संयम दिखाया।

अब प्री-क्वार्टर फाइनल में युकी और अलेक्जेंड्रा का सामना अमेरिका की डिज़ायरी क्रावचिक और ब्रिटेन के नील स्कुप्स्की की चौथी वरीय जोड़ी से होगा।

मुकाबले में युकी और अलेक्जेंड्रा ने दोनों टाईब्रेक में बेहतरीन खेल दिखाते हुए सीधे सेटों में जीत दर्ज की। पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच केवल एक अंक का अंतर रहा।

भारतीय-रूसी जोड़ी ने पांच ऐस लगाए और पहली सर्विस पर 70 प्रतिशत अंक जीते। दूसरी सर्विस पर भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 64 प्रतिशत अंक अपने नाम किए, जबकि विरोधी जोड़ी केवल 48 प्रतिशत अंक ही जीत सकी।

युकी और अलेक्जेंड्रा ने मैच में 40 विनर्स लगाए और केवल 16 अनफोर्स्ड एरर किए, जो विरोधी जोड़ी से चार कम थे।

दूसरी ओर, पुरुष युगल में अनिरुद्ध चंद्रशेखर और ताकेरू युजुकी की जोड़ी को स्विट्जरलैंड के याकूब पॉल और ब्रिटेन के मार्कस विलिस के खिलाफ 3-6, 7-6(7), 3-10 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला दो घंटे 45 मिनट तक चला।

पहला सेट गंवाने के बाद भारतीय-जापानी जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे सेट का टाईब्रेक जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

अनिरुद्ध और युजुकी ने 15 में से पांच ब्रेक प्वाइंट भुनाए, जबकि उनके विरोधी चार में से तीन ही सफल कर सके। कुल अंकों में भी भारतीय-जापानी जोड़ी 122-105 से आगे रही।

हालांकि निर्णायक सुपर टाईब्रेक में स्विस-ब्रिटिश जोड़ी पूरी तरह हावी रही और 10-3 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे