अमेरिकी दिग्गज वीनस विलियम्स 45 साल की उम्र में करेंगी फ्रेंच ओपन में वापसी, हेली बैपटिस्ट के साथ खेलेंगी महिला युगल
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। अमेरिका की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी वीनस विलियम्स एक बार फिर ग्रैंड स्लैम कोर्ट पर नजर आएंगी। 45 वर्षीय वीनस इस महीने शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन 2026 में महिला युगल मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। वह युवा अमेरिकी खिलाड़ी हेली बैपटिस्ट के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगी, जो उनसे 21 साल छोटी हैं।
फ्रेंच ओपन आयोजकों ने बुधवार को महिला युगल स्पर्धा के लिए खिलाड़ियों की सूची जारी की, जिसमें वीनस विलियम्स और हेली बैपटिस्ट की जोड़ी भी शामिल है। रोलां गैरां में होने वाला यह प्रतिष्ठित क्ले कोर्ट टूर्नामेंट 24 मई से शुरू होगा।
हालांकि वीनस इस बार महिला एकल वर्ग में हिस्सा नहीं लेंगी।
वीनस विलियम्स ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में वाइल्ड कार्ड के जरिए वापसी की थी, जहां वह पहले दौर में हार गई थीं। इसके साथ ही वह ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुख्य ड्रॉ में खेलने वाली सबसे उम्रदराज महिला खिलाड़ी भी बनी थीं।
सात ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीत चुकी वीनस एक समय महिला एकल और युगल दोनों वर्गों में विश्व नंबर-1 रह चुकी हैं।
फ्रेंच ओपन में उनका शानदार इतिहास रहा है। वर्ष 2002 में वह महिला एकल फाइनल में अपनी छोटी बहन सेरेना विलियम्स से हार गई थीं। वहीं वीनस और सेरेना की जोड़ी ने 1999 और 2010 में फ्रेंच ओपन महिला युगल खिताब अपने नाम किए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

