कलाई की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन से हटे कार्लोस अल्कराज
मैड्रिड, 05 अगस्त (हि.स.)। स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी और सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन कार्लोस अल्कराज ने कलाई की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन 2026 से नाम वापस ले लिया है। टूर्नामेंट आयोजकों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।
इस फैसले के साथ अल्कराज पिछले वर्ष जीते अपने एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब का बचाव नहीं कर पाएंगे।
सिनसिनाटी ओपन का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक होगा, जबकि सत्र का अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा।
अल्कराज अब यूएस ओपन में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, जहां वह गत चैंपियन भी हैं।
अल्कराज अप्रैल में बार्सिलोना ओपन के दौरान कलाई में चोटिल हो गए थे। इस चोट के कारण उन्हें फ्रेंच ओपन और विंबलडन जैसे दो बड़े ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट से भी बाहर रहना पड़ा।
हाल के सप्ताहों में उन्होंने अपनी फिटनेस पर लगातार काम किया और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग से आगे बढ़कर पूर्ण अभ्यास भी शुरू कर दिया था।
हालांकि, विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी के लिए सिनसिनाटी ओपन में वापसी करना अभी जल्दबाजी साबित होती इसलिए उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
इस निर्णय से अल्कराज को बड़ा नुकसान भी उठाना पड़ेगा। पिछले वर्ष सिनसिनाटी ओपन जीतने पर मिले 1000 रैंकिंग अंक अब उनके खाते से हट जाएंगे।
इसके अलावा उन्हें यूएस ओपन में अपने 2000 रैंकिंग अंक भी बचाने होंगे।
इस बीच विश्व नंबर एक यानिक सिनर से उनकी दूरी और बढ़ सकती है, जबकि ओलंपिक चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव भी लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए उनके करीब पहुंच गए हैं। ज्वेरेव ने हाल ही में पेरिस मास्टर्स का खिताब जीता और पहली बार विंबलडन फाइनल में जगह बनाई थी।
अल्कराज हाल ही में एटीपी रैंकिंग में ज्वेरेव को पीछे छोड़कर फिर से दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे, लेकिन सिनसिनाटी ओपन से हटने के बाद उनके दोबारा तीसरे स्थान पर खिसकने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

