अल्टीमेट टेबल टेनिस सीजन-7 में पहली बार होगा एआई आधारित रिव्यू सिस्टम का इस्तेमाल
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सीजन में पहली बार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित टेबल टेनिस रिव्यू (टीटीआर) सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। गोवा में 9 से 26 जुलाई 2026 तक होने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों में यह नई तकनीक लागू रहेगी।
आयोजकों में सोमवार को बताया कि यह एआई आधारित रिव्यू सिस्टम विवादित अंपायरिंग फैसलों की 20 सेकंड से भी कम समय में साक्ष्य आधारित समीक्षा करेगा। इसे विशेष रूप से टेबल टेनिस की तेज रफ्तार और जटिल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यह तकनीक छह प्रमुख अंपायरिंग स्थितियों की समीक्षा करेगी। इनमें सर्विस के दौरान गेंद उछालने की ऊंचाई, उछाल का कोण, गेंद का टेबल की सतह से नीचे उछलना, खेल क्षेत्र के अंदर या बाहर उछाल, सर्विस के दौरान गेंद का छिपना और टेबल के किनारे पर गेंद लगने (एज बॉल) से जुड़े फैसले शामिल हैं।
रिव्यू सिस्टम के लिए कोर्ट के चारों ओर 14 से 15 हाई-स्पीड सिंक्रोनाइज्ड कैमरे लगाए जाएंगे, जो गेंद की गति, सर्विस की तकनीक और टेबल पर गेंद के संपर्क बिंदु को अलग-अलग कोणों से रिकॉर्ड करेंगे। इसके बाद एआई इंजन इन आंकड़ों का विश्लेषण कर कुछ ही सेकंड में दृश्य प्रमाण तैयार करेगा, जिससे मैच अधिकारियों को सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी। इस तकनीक का उपयोग केवल अंपायरों तक सीमित नहीं रहेगा। इसे लाइव प्रसारण से भी जोड़ा जाएगा, जिससे दर्शक भी रिव्यू प्रक्रिया को वास्तविक समय में देख सकेंगे।
यूटीटी ने वर्ष 2019 से लगातार तकनीक और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग बढ़ाया है। इसके बाद एआई आधारित लाइव सांख्यिकी प्रणाली, रियल-टाइम स्कोरिंग, खिलाड़ियों और टीमों का डेटाबेस, अंक तालिका, मैच आंकड़े, उन्नत प्रदर्शन विश्लेषण और शॉट स्पीड ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी लीग का हिस्सा बन चुकी हैं। अब एआई रिव्यू सिस्टम के जुड़ने से प्रतियोगिता में पारदर्शिता और निष्पक्षता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

