home page

सैंटनर ने किया चक्रवर्ती का बचाव, कहा- एक मैच में ही खेल बदल सकते हैं वरुण

 | 
सैंटनर ने किया चक्रवर्ती का बचाव, कहा- एक मैच में ही खेल बदल सकते हैं वरुण


अहमदाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि भारत के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती फाइनल में उनकी टीम के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। सैंटनर ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को फॉर्म में लौटने के लिए सिर्फ एक मैच की जरूरत होती है।

आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैंटनर ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में महंगे साबित हुए भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सपाट पिच पर गेंदबाजी करना किसी भी गेंदबाज के लिए चुनौतीपूर्ण होता है और ऐसे दिन हर गेंदबाज के साथ आ सकते हैं।

सैंटनर ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि वरुण कितने अच्छे गेंदबाज हैं। जब पिच सपाट होती है तो गेंदबाजों के लिए चुनौती बढ़ जाती है। ऐसे में किसी भी गेंदबाज के लिए मुश्किल दिन आ सकता है और कई बार 60 रन तक भी पड़ जाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “वरुण को यह समझना चाहिए कि वह अभी भी बहुत अच्छे गेंदबाज हैं और खेल का रुख बदलने के लिए उन्हें सिर्फ एक मैच की जरूरत है। यही बात किसी भी गेंदबाज या बल्लेबाज पर लागू होती है—अगर वह फॉर्म से बाहर है तो सिर्फ एक अच्छा मैच उसे फिर से फॉर्म में ला सकता है।”

टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती शानदार लय में थे। उन्होंने चार मैचों में 9 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 5.2 रहा। उनके महत्वपूर्ण विकेटों की बदौलत भारत ग्रुप चरण में अजेय रहा।

हालांकि इसके बाद उनके प्रदर्शन में गिरावट आई। सुपर-8 चरण के तीन मुकाबलों और सेमीफाइनल में वह केवल 4 विकेट ही ले सके और इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 11.6 रहा, जिससे भारतीय टीम की चिंताएं कुछ बढ़ी हैं।

टूर्नामेंट में दोनों टीमों का सफर लगभग समान रहा है। भारत ने अपने शुरुआती ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और फिर सुपर-8 में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं न्यूजीलैंड ने सुपर-8 चरण में पाकिस्तान के साथ समान अंकों के बावजूद बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंतिम चार में प्रवेश किया।

भारत इस खिताब को जीतकर तीसरी बार टी20 विश्व चैंपियन बनने की उम्मीद कर रहा है, जबकि न्यूजीलैंड की नजर इस टूर्नामेंट में अपने पहले खिताब पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे