अनाहत सिंह का बड़ा उलटफेर, आठ बार की विश्व चैंपियन नूर एल शेरबिनी को हराया
क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं 18 वर्षीय अनाहत, अब सलमा हानी से होगा सामना
रेडवुड सिटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने सिलिकॉन वैली ओपन में बड़ा उलटफेर करते हुए आठ बार की विश्व चैंपियन मिस्र की नूर एल शेरबिनी को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। गुरुवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में 18 वर्षीय अनाहत ने दुनिया की तीसरे नंबर की और शीर्ष वरीयता प्राप्त शेरबिनी को सीधे गेमों में 11-8, 11-8, 11-7 से हराया। मुकाबला 30 मिनट तक चला।
विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज अनाहत के करियर की यह सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। हाल ही में एशियाई खेलों में एकल स्पर्धा का रजत पदक जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी ने इस प्रदर्शन से अपनी क्षमता का एक बार फिर परिचय दिया।
एक लाख 43 हजार 500 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले पीएसए गोल्ड टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अब अनाहत का सामना मिस्र की सलमा हानी से होगा। हानी विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर हैं।
अनाहत ने इससे पहले मिस्र की नूर अबुलमकरिम को सीधे गेमों में हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की थी। अब शेरबिनी जैसी अनुभवी और दिग्गज खिलाड़ी को मात देकर उन्होंने खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

