एशियाई खेल: रुद्रांक्ष-अश्वर्य-नीरज की तिकड़ी ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम स्पर्धा में जीता रजत
आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। भारत ने एशियाई खेल 2026 में निशानेबाजी में एक और पदक अपने नाम किया। रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार की भारतीय तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने फाइनल में 1762-94x का स्कोर बनाया और चीन के 1766-95x से चार अंक पीछे रही। चीन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया ने 1751-87x के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
भारत ने 2022 एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन इस बार उसे चीन से अपना खिताब गंवाना पड़ा। इस रजत के साथ भारत के एशियाई खेलों में 19 पदक हो गए हैं, जिनमें दो स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य शामिल हैं।
### ऐश्वर्य और नीरज व्यक्तिगत फाइनल में
टीम स्पर्धा के साथ ही ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बना ली है। ऐश्वर्य ने 589-34x के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि नीरज 588-34x के साथ चौथे स्थान पर रहे।
रुद्रांक्ष पाटिल 585-26x के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे और व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके।
### ऐश्वर्य का शानदार अंतरराष्ट्रीय सफर
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के रतनपुर गांव के रहने वाले ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में भारत के प्रमुख निशानेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 2015 में भोपाल स्थित मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण शुरू किया।
2019 में सुहल में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतने के साथ जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
इसके बाद 2021 में नई दिल्ली आईएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण और लीमा में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में जूनियर विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।
ऐश्वर्य टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने 2025 में काहिरा आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में रजत और 2026 में नई दिल्ली एशियाई राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
### नीरज भी व्यक्तिगत पदक की दौड़ में
होशियारपुर के नीरज कुमार ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने 2022 आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में टीम कांस्य पदक जीता था।
2026 एशियाई राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप में नीरज ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था और टीम स्वर्ण में भी योगदान दिया था। अब एशियाई खेलों में उनके पास व्यक्तिगत स्पर्धा में एक और पदक जीतने का मौका है।
### रुद्रांक्ष पाटिल की उपलब्धियां
भारतीय निशानेबाज रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल ने कम उम्र में ही 10 मीटर एयर राइफल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले रुद्रांक्ष भारत के प्रमुख राइफल निशानेबाजों में शामिल हैं और देश के लिए कई बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीत चुके हैं।
रुद्रांक्ष ने 2022 में काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह अभिनव बिंद्रा के बाद इस स्पर्धा में व्यक्तिगत विश्व खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बने। उनकी इस उपलब्धि से भारत ने पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल किया था।
रुद्रांक्ष ने 2022 में ही आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप की पुरुष टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने आईएसएसएफ प्रेसिडेंट्स कप, विश्व कप और एशियाई चैंपियनशिप में भी कई पदक हासिल किए हैं। 2026 में नई दिल्ली में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 2024 में जकार्ता में भी इसी स्पर्धा में स्वर्ण हासिल किया था।
2025 में ब्यूनस आयर्स आईएसएसएफ विश्व कप में रुद्रांक्ष ने स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले 2023 में काहिरा विश्व कप में स्वर्ण तथा भोपाल विश्व कप में कांस्य पदक भी उनके नाम रहा। वह 2021 में लीमा आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

