home page

भारतीय निशानेबाज दोहा विश्व चैंपियनशिप से शुरू करेंगे ओलंपिक कोटा हासिल करने की मुहिम

 | 
भारतीय निशानेबाज दोहा विश्व चैंपियनशिप से शुरू करेंगे ओलंपिक कोटा हासिल करने की मुहिम


दोहा, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय निशानेबाजों ने 2028 लॉस एंजिलिस (एलए) ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने की अपनी मुहिम शुरू कर दी है। दोहा के लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में 1 नवंबर से शुरू हुई आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप राइफल, पिस्टल और शॉटगन में भारत के 35 सदस्यीय दल की नजरें ओलंपिक कोटा हासिल करने पर हैं। पदक स्पर्धाएं 3 से 13 नवंबर तक आयोजित होंगी।

दोहा में हो रही यह प्रतियोगिता लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए पहली क्वालीफाइंग स्पर्धा है और इस ओलंपिक चक्र की सबसे बड़ी प्रतियोगिता भी है। इसमें 12 व्यक्तिगत ओलंपिक स्पर्धाओं में से प्रत्येक में तीन कोटा स्थान सहित कुल 36 ओलंपिक कोटा दांव पर हैं। हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों में निशानेबाजी के लिए कोई ओलंपिक कोटा उपलब्ध नहीं था। ऐसे में भारत के पास लॉस एंजिलिस के लिए स्थान हासिल करने का यह पहला मौका है। प्रत्येक देश इस प्रतियोगिता में एक स्पर्धा में अधिकतम एक कोटा हासिल कर सकता है। इस तरह भारत के पास अधिकतम 12 कोटा जीतने का अवसर है।

भारतीय निशानेबाज अइची-नागोया एशियाई खेलों में 15 पदक जीतकर दोहा पहुंचे हैं। इनमें छह पदक शॉटगन स्पर्धाओं में मिले थे। नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण और टीम स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया था। स्कीट टीमों ने भी तीन कांस्य पदक जीते थे।

नीरू शॉटगन टीम की अगुवाई करेंगी। इस टीम में ट्रैप स्पर्धा के 2025 विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता जोरावर सिंह संधू भी शामिल हैं। वहीं, स्कीट में एशियाई खेलों के पदक विजेता अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेघ सिंह गिल, मैराज अहमद खान, रायजा ढिल्लों और परीनाज़ धालीवाल भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर पिस्टल टीम की अगुवाई करेंगी। इस टीम में एशियाई खेलों की एयर पिस्टल मिश्रित टीम के स्वर्ण पदक विजेता सुरुचि और कमलजीत भी शामिल हैं। राइफल टीम की कमान एलावेनिल वलारिवन और हिमांशु ढिल्लों संभालेंगे। दोनों ने अइची-नागोया में व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रजत पदक जीते थे। भारत ने प्रत्येक व्यक्तिगत ओलंपिक स्पर्धा में तीन निशानेबाजों को उतारा है। इसके अलावा चारों मिश्रित टीम स्पर्धाओं में दो-दो जोड़ियां हिस्सा लेंगी।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने कहा, “इस सत्र में हमारी तैयारियां इसी प्रतियोगिता को ध्यान में रखकर की गई हैं। टीम ने एशियाई खेलों की लय को बरकरार रखते हुए केंद्रित राष्ट्रीय शिविर में अभ्यास किया है। हमारे निशानेबाज पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ दोहा पहुंचे हैं। यहां हासिल होने वाले कोटा स्थान भारत को लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तैयारी के लिए अधिक समय देंगे। मुझे विश्वास है कि हमारी टीम इस अवसर का पूरा लाभ उठाएगी।”

एनआरएआई के महासचिव पवनकुमार सिंह ने कहा, “इस दल के प्रत्येक खिलाड़ी ने प्रदर्शन के स्पष्ट लक्ष्य के साथ अभ्यास किया है। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित शिविर को अलग-अलग चरणों में चलाया गया। राइफल, पिस्टल और शॉटगन के खिलाड़ियों को अपने प्रशिक्षकों के साथ अभ्यास के लिए अलग-अलग समय दिया गया और प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों के आधार पर तैयारी की गई। हमने अपनी सभी 16 स्पर्धाओं में चुनौती पेश करने और लॉस एंजिलिस 2028 का अभियान मजबूती से शुरू करने के लिए तैयारी की है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे