home page

एशियाई खेल: इलावेनिल-पार्थ पदक से चूके, 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में चौथे स्थान पर रहे

 | 
एशियाई खेल: इलावेनिल-पार्थ पदक से चूके, 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में चौथे स्थान पर रहे


आइची-नगोया, 22 सितंबर (हि.स.)। भारत की इलावेनिल वलारिवन और पार्थ माने की जोड़ी एशियाई खेल 2026 में मंगलवार को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक जीतने से चूक गई। भारतीय जोड़ी फाइनल में 376.3 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही और पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

इलावेनिल और पार्थ ने फाइनल की शुरुआत चौथे स्थान से की। पहले 10 शॉट के बाद भारतीय जोड़ी ने 103.6 अंक हासिल किए। चीन 107.2 अंक के साथ शीर्ष पर था, जबकि दक्षिण कोरिया 104.9 और जापान 103.9 अंक के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर थे।

20 शॉट के बाद भी भारतीय जोड़ी चौथे स्थान पर रही। उसके खाते में 207.9 अंक थे और तीसरे स्थान पर मौजूद दक्षिण कोरिया से वह 1.3 अंक पीछे थी। चीन 211.9 अंक के साथ शीर्ष पर बना हुआ था।

तीसरी सीरीज के बाद भी इलावेनिल और पार्थ 312.3 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। चीन 315.7 अंक के साथ पहले, जापान 314.9 अंक के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 314.3 अंक के साथ तीसरे स्थान पर था।

इसके बाद भारतीय जोड़ी 376.3 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल से बाहर हो गई।

इससे पहले इलावेनिल और पार्थ ने क्वालिफिकेशन में 634.9 अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया था और फाइनल में जगह बनाई थी। चीन ने 638.9 अंक के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन में पहला स्थान हासिल किया था।

तैराकी में भारत की 4x100 मीटर मेडले रिले टीम फाइनल में

तैराकी में भारत की पुरुष 4x100 मीटर मेडले रिले टीम ने अपनी हीट में चौथा स्थान हासिल कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। ऋषभ दास, आकाश मणि, बेनेडिक्शन बेनिस्टन और धनुष सुरेश की भारतीय चौकड़ी कुल मिलाकर सातवें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ फाइनल में पहुंची। फाइनल मंगलवार को बाद में खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे