भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 14-15 नवंबर को एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप
- चैंपियनशिप का लोगो ओडिशा की पारंपरिक झोटी-चिता कला से प्रेरित
भुवनेश्वर, 06 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा में आठ साल बाद अंतरराष्ट्रीय रग्बी की वापसी होने जा रही है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 14 और 15 नवंबर को एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके लिए भारतीय अंडर-20 पुरुष और महिला टीमों की घोषणा भी कर दी गई है।
चैंपियनशिप के आधिकारिक लोगो का खेल एवं युवा सेवा विभाग, ओडिशा सरकार, रग्बी इंडिया और ओडिशा रग्बी फुटबॉल संघ ने संयुक्त रूप से अनावरण किया। ओडिशा में इससे पहले वर्ष 2018 में एशिया रग्बी अंडर-18 बालिका सेवन्स चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। इस बार प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग को मिलाकर 10 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी।
चैंपियनशिप का लोगो ओडिशा की पारंपरिक झोटी-चिता कला से प्रेरित है। इसमें अर्धवृत्ताकार आकृति के केंद्र में रग्बी गेंद को दर्शाया गया है। यह लोगो राज्य की सांस्कृतिक विरासत के साथ रग्बी सेवन्स खेल की ऊर्जा और गति को भी प्रदर्शित करता है।
भारतीय अंडर-20 महिला टीम वर्ष 2025 में बिहार के राजगीर में आयोजित प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने के बाद एक बार फिर इस चैंपियनशिप में उतरेगी। टीम भुवनेश्वर में अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर करने के इरादे से खेलेगी। भारतीय पुरुष टीम भी महाद्वीपीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया ने कहा कि ओडिशा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और विभिन्न पहलों के माध्यम से रग्बी के विकास को लगातार समर्थन दे रहा है। एशिया रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप के आयोजन से राज्य में अंतरराष्ट्रीय रग्बी की वापसी हो रही है। यह युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर में सभी भाग लेने वाले देशों का स्वागत करने और कलिंगा स्टेडियम में रोमांचक प्रतियोगिता की मेजबानी करने को लेकर राज्य उत्साहित है।
भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि आठ साल बाद ओडिशा में अंतरराष्ट्रीय रग्बी की वापसी भारतीय रग्बी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। भुवनेश्वर इस खेल के विकास का अहम केंद्र रहा है। इस चैंपियनशिप से भारतीय अंडर-20 पुरुष और महिला टीमों को एशिया की उभरती हुई टीमों के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आयोजन में लगातार सहयोग के लिए ओडिशा सरकार और खेल एवं युवा सेवा विभाग का आभार जताया।
कलिंगा स्टेडियम में वर्ष 2026 के दौरान तीन राष्ट्रीय स्तर की रग्बी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें सब-जूनियर राष्ट्रीय रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप, अस्मिता रग्बी लीग-राष्ट्रीय और राष्ट्रीय रग्बी 15एस चैंपियनशिप-डिवीजन-1 शामिल हैं। अब एशिया स्तरीय प्रतियोगिता से इस स्टेडियम के रग्बी आयोजन कैलेंडर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का अध्याय जुड़ जाएगा।
भारतीय पुरुष और महिला टीम घोषित
भारतीय अंडर-20 पुरुष टीम की कमान पुष्पेंद्र को सौंपी गई है, जबकि राजन रावत उपकप्तान होंगे। टीम में अजित नाग, अमन, अरुण प्रजापत, भरत किसान, बिद्याधर माझी, चरण हेम्ब्रम, नमन यादव, राहुल माझी, रोहित कुमार और सुभाष हांसदा शामिल हैं।
महिला टीम की कप्तान तनुश्री भोसले और उपकप्तान मामाली सिंह होंगी। टीम में अक्षया एनएस, अनीता मुर्मू, अनुष्का सांकपाल, दीपाली ताथे, खुशी देवी, कीर्ति जाधव, अदिति सखाराम लोंढे, सलोनी कुमारी, समृद्धि कदम और सुमित्रा मुर्मू को जगह मिली है।
10 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
चैंपियनशिप में भारत के अलावा हांगकांग चीन, श्रीलंका, मलेशिया, उज्बेकिस्तान, थाईलैंड, सिंगापुर, चीनी ताइपे, नेपाल और जॉर्डन की टीमें भाग लेंगी। पुरुष वर्ग में 10 टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी, जबकि महिला वर्ग में सात टीमें दो दिनों तक खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

