home page

जयपुर ने जीता श्री सीमेंट पोलो कप का खिताब, नाहरगढ़ को 9–4½ से हराया

 | 
जयपुर ने जीता श्री सीमेंट पोलो कप का खिताब, नाहरगढ़ को 9–4½ से हराया


जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जयपुर पोलो टीम ने यहां आरपीसी ग्राउंड पर खेले गए श्री सीमेंट कप के फाइनल में नाहरगढ़ को 9–4½ से हराकर सीजन का अपना 11वां खिताब जीत लिया। जयपुर की जीत के नायक रहे महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात गोल दागे। उनकी अगुवाई में जयपुर ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और अंत तक बढ़त कायम रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मुकाबले की शुरुआत में नाहरगढ़ को ½ गोल का हैंडीकैप बढ़त मिली थी, लेकिन जयपुर ने जल्दी ही मैच पर नियंत्रण कर लिया। महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने पहला फील्ड गोल दागकर टीम का खाता खोला और फिर एक और गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद उन्होंने तेजी से हैट्रिक पूरी करते हुए जयपुर को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले चुक्कर के अंत से ठीक पहले प्रताप सिंह कनोटा ने भी एक शानदार फील्ड गोल कर जयपुर की बढ़त को चार गोल तक पहुंचा दिया।

दूसरे चुक्कर में नाहरगढ़ ने वापसी की कोशिश की। तरुण बिलवाल ने जयपुर की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए नाहरगढ़ के लिए पहला फील्ड गोल किया। हालांकि जयपुर ने तुरंत जवाब दिया और महाराजा पद्मनाभ सिंह ने एक और गोल दागकर टीम की बढ़त कायम रखी। इसके बाद विशाल सिंह राठौड़ ने नाहरगढ़ के लिए एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन चुक्कर के अंत में फिर से महाराजा पद्मनाभ सिंह ने गोल कर जयपुर को मजबूती दी। हाफटाइम तक स्कोर जयपुर 6 – नाहरगढ़ 2½ रहा।

तीसरे चुक्कर में नाहरगढ़ ने शुरुआती मिनटों में फिर से दबाव बनाने की कोशिश की और तरुण बिलवाल ने दूसरा गोल कर टीम का स्कोर 3½ तक पहुंचाया। इसके जवाब में प्रताप सिंह कनोटा ने शानदार फील्ड गोल कर जयपुर की बढ़त फिर बढ़ा दी। इसके कुछ देर बाद महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने मैच का अपना छठा गोल दागते हुए जयपुर को निर्णायक बढ़त दिला दी।

आखिरी चुक्कर में भी जयपुर का दबदबा जारी रहा। महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने एक और गोल कर टीम का स्कोर नौ तक पहुंचा दिया। नाहरगढ़ की ओर से एक पेनल्टी कन्वर्जन के जरिए स्कोर 4½ तक पहुंचा, लेकिन जयपुर की मजबूत रक्षा पंक्ति ने विशाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आए आखिरी दबाव को भी झेलते हुए जीत सुनिश्चित कर ली।

जयपुर की ओर से महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने सात गोल किए, जबकि प्रताप सिंह कनोटा ने दो गोल जोड़े। नाहरगढ़ के लिए तरुण बिलवाल ने दो गोल और विशाल सिंह राठौड़ ने एक गोल किया, साथ ही एक पेनल्टी कन्वर्जन भी टीम के खाते में गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे