home page

ओलंपिक 2036 की तैयारी, प्रधानमंत्री मोदी ने की देशव्यापी खेल प्रतिभा खोज अभियान की घोषणा

 | 
ओलंपिक 2036 की तैयारी, प्रधानमंत्री मोदी ने की देशव्यापी खेल प्रतिभा खोज अभियान की घोषणा


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य को दोहराते हुए देशभर में 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए खेल प्रतिभा खोज अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य ऐसे खेलों में नई प्रतिभाओं की पहचान करना है, जिनमें भारत की भागीदारी या सफलता अभी सीमित है।

लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार के रूप में आगे बढ़ रहा है।

मोदी ने कहा कि ओलंपिक में करीब 40 खेलों और 325 से 350 स्पर्धाओं में मुकाबले होते हैं, लेकिन भारत इनमें से लगभग दो-तिहाई स्पर्धाओं में हिस्सा नहीं लेता या क्वालीफाई नहीं कर पाता। उन्होंने कहा कि ऐसे खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “2030 में भारत राष्ट्रमंडल खेलों की भी मेजबानी करने जा रहा है। हमने तय किया है कि 2036 का ओलंपिक भारत में होना चाहिए। जिन खेलों में भारत हिस्सा नहीं लेता या क्वालीफाई नहीं करता, उन खेलों पर भारत विशेष ध्यान देगा और प्रतिभा खोज अभियान शुरू करेगा।”

हर गांव, शहर और स्कूल में होगी प्रतिभा की तलाश

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2036 ओलंपिक की तैयारी के लिए उन बच्चों की पहचान करना जरूरी है जो आज 5, 10 या 15 वर्ष के हैं।

उन्होंने कहा, “हमें अपने बेटे-बेटियों पर ध्यान देना होगा। इसलिए हर गांव, हर शहर और हर स्कूल में 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों में खेल प्रतिभा की पहचान करने के लिए प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि चुने गए प्रतिभाशाली बच्चों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले बेहतरीन खिलाड़ी बन सकें।

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन

भारत ने हाल ही में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया था। सीमित खेल कार्यक्रम के बावजूद भारत ने मुक्केबाजी, जूडो, भारोत्तोलन और पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन किया।

मुक्केबाजी में भारत ने 10 पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

भारतीय महिला स्वर्ण पदक विजेताओं में जैस्मिन लांबोरिया, प्रीति पवार, प्रिया घंघास, साक्षी चौधरी और अरुंधति चौधरी शामिल रहीं। भारोत्तोलन में मीराबाई चानू, जूडो में अस्मिता डे और पैरा खेलों में शर्मिला धनकर ने भी स्वर्ण पदक जीते।

अब भारतीय खिलाड़ी 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची प्रांत और नागोया में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी में जुटेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे