एशियन गेम्स की तैयारी में फिटनेस परीक्षण अहम, शुभम शिंदे बोले– ‘तैयारी और प्रदर्शन का यही आधार’
बेल्लारी, 29 मार्च (हि.स.)। एशियन गेम्स की तैयारी के तहत इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (आईआईएस), बेल्लारी में भारतीय कबड्डी खिलाड़ियों का उच्च प्रदर्शन शिविर जारी है, जहां खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस शिविर में शामिल डिफेंडर शुभम शिंदे के लिए यह केवल नियमित प्रशिक्षण नहीं, बल्कि खुद को और बेहतर बनाने का सुनहरा अवसर है। शिंदे ने हाल ही में प्रो कबड्डी लीग के 12वें सत्र में तेलुगु टाइटन्स की ओर से खेला था।
शिंदे के अनुसार, इस शिविर में फिटनेस परीक्षण और शारीरिक दक्षता अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “ये परीक्षण बहुत जरूरी हैं क्योंकि इससे हमें अपने फिटनेस स्तर का सही आकलन मिलता है, खासकर जब इस स्तर पर प्रतिस्पर्धा बहुत अधिक होती है।”
शिविर में फिटनेस के साथ-साथ लचीलापन और पुनःस्थापन (रिकवरी) पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिंदे ने कहा, “योग और लचीलापन खिलाड़ियों के लिए बहुत आवश्यक है। लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह फिट और लचीला रहना जरूरी है।”
आईआईएस बेल्लारी में उपलब्ध विश्वस्तरीय सुविधाएं भी खिलाड़ियों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रशिक्षण, पुनःस्थापन और आवास की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से खिलाड़ी पूरी तरह अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं। शिंदे ने कहा, “यहां की सुविधाएं उत्कृष्ट हैं। सब कुछ एक ही जगह उपलब्ध होने से हमें खुद को बेहतर बनाने में काफी मदद मिलती है।”
जैसे-जैसे शिविर आगे बढ़ रहा है, उसकी तीव्रता भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए अनुशासन और निरंतरता बेहद जरूरी हो गई है। शिंदे ने कहा, “ऐसे शिविर में आपको पूरी तैयारी के साथ आना होता है और हर सत्र में अपना शत-प्रतिशत देना होता है। हमारा लक्ष्य हर दिन बेहतर बनना और प्रदर्शन में निरंतर सुधार करना है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

