home page

चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, खलील अहमद चोट के कारण आईपीएल से बाहर

 | 
चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, खलील अहमद चोट के कारण आईपीएल से बाहर


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके)को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज खलील अहमद क्वाड्रिसेप (जांघ) की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान उन्हें यह चोट लगी थी। 17वें ओवर की आखिरी गेंद डालने से पहले खलील अचानक रन-अप के दौरान रुक गए और अपने दाहिने पैर को पकड़ लिया। शुरुआत में यह सामान्य क्रैम्प्स जैसा लगा, लेकिन खलील दोबारा गेंदबाजी करने की कोशिश के बाद असहज दिखे और उन्होंने डगआउट की ओर इशारा करते हुए मैदान छोड़ दिया। इसके बाद उनके ओवर की आखिरी गेंद गुरजपनीत ने पूरी की।

28 वर्षीय खलील अहमद इस सीजन में चेन्नई की गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा थे। उनकी गैरमौजूदगी टीम के संतुलन पर असर डाल सकती है, खासकर डेथ ओवरों में।

खलील की जगह लेने के लिए महाराष्ट्र के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी और रामकृष्ण घोष विकल्प के रूप में सामने हैं। जहां बाएं हाथ के मुकेश चौधरी खलील की तरह ही विकल्प दे सकते हैं, वहीं दाएं हाथ के तेज गेंदबाज रामकृष्ण घोष टीम को अलग तरह का संयोजन प्रदान कर सकते हैं।

इस चोट के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी गेंदबाजी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है, जो आगे के मुकाबलों में उनके प्रदर्शन पर असर डाल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे