home page

एचपीसीए महिला अंडर-15 टीम और रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी के लिए पांच जुलाई को होंगे ट्रायल

 | 
एचपीसीए महिला अंडर-15 टीम और रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी के लिए पांच जुलाई को होंगे ट्रायल


धर्मशाला, 30 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) द्वारा वर्ष 2026-27 सत्र के लिए गर्ल्स अंडर-15 वनडे कैंप एवं टीम तथा एचपीसीए महिला रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल पांच जुलाई को सुबह 10 बजे एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होंगे। चयन के इच्छुक सभी खिलाड़ियों के लिए ट्रायल में शामिल होना अनिवार्य होगा।

अंडर-15 टीम के लिए वही खिलाड़ी पात्र होंगी जिनका जन्म एक सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच हुआ हो। वहीं महिला रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी के लिए एक सितंबर 2007 या उसके बाद जन्मी (अंडर-19) खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकेंगी। दोनों वर्गों में खिलाड़ियों का बोनाफाइड हिमाचली होना आवश्यक है। यदि खिलाड़ी का जन्म हिमाचल प्रदेश से बाहर हुआ है तो उसके पास एक सितंबर 2025 से पहले जारी हिमाचल क्षेत्राधिकार का पासपोर्ट या फिर हिमाचल प्रदेश के मान्यता प्राप्त स्कूल में अध्ययन का प्रमाण होना चाहिए।

एचपीसीए ने ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए क्यूआर आधारित जन्म प्रमाणपत्र, मैट्रिक प्रमाणपत्र अथवा वर्तमान सत्र का स्कूल प्रमाणपत्र, मूल बोनाफाइड हिमाचली प्रमाणपत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया है। हिमाचल से बाहर जन्मे खिलाड़ियों को पासपोर्ट या स्कूल प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

एसोसिएशन के महासचिव मनुज शर्मा ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का यात्रा या अन्य भत्ता नहीं दिया जाएगा और ट्रायल के लिए कोई शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। खिलाड़ियों को रंगीन क्रिकेट ड्रेस में आना होगा तथा अपना बैट, पैड, ग्लव्स, हेलमेट, कैप सहित अन्य क्रिकेट उपकरण स्वयं लाने होंगे। खिलाड़ियों से निर्धारित समय से पहले मैदान पर पहुंचने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया