home page

जूनियर महिला एशिया कप: भारत ने जापान को 7-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

 | 
जूनियर महिला एशिया कप: भारत ने जापान को 7-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह


मोकी (चीन), 08 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान को 7-0 से करारी शिकस्त दी। मोकी में मंगलवार को खेले गए एलीट पूल के मुकाबले में मिली लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही जापान पर दबाव बनाए रखा। टीम को पांचवें मिनट में सफलता मिली, जब कृष्णा शर्मा ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद नौवें मिनट में जापानी डिफेंडर के सर्कल के अंदर फाउल करने पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे सुप्रिया ने गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया।

भारत ने शुरुआती क्वार्टर खत्म होने से पहले अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। 14वें मिनट में पूर्णिमा यादव ने फील्ड गोल दागकर भारत को 3-0 से आगे कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में जापान ने वापसी की कोशिश की और अपने आक्रमण को तेज किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने उसके सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया। दोनों टीमें इस दौरान कोई और गोल नहीं कर सकीं और मध्यांतर तक भारत 3-0 से आगे रहा।

तीसरे क्वार्टर में जापान ने एक गोल की तलाश में फिर आक्रामक शुरुआत की लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने उसकी एक नहीं चली। इसके बाद भारत ने अगले पांच मिनट में तीन गोल दागकर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। गीता यादव ने 41वें मिनट में फील्ड गोल कर स्कोर 4-0 किया और फिर 45वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त 5-0 कर दी।

इसके एक मिनट बाद ही पूर्णिमा यादव ने 46वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत को 6-0 की बढ़त दिला दी। तीसरा क्वार्टर समाप्त होने तक भारत पूरी तरह मजबूत स्थिति में था।

अंतिम क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने आक्रामक रुख बनाए रखा। 50वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने गोल कर भारत की बढ़त 7-0 कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने जापान को कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला 7-0 से अपने नाम कर लिया।

भारत ने इससे पहले टूर्नामेंट में कोरिया को 4-1 और मलेशिया को 11-1 से हराया था। तीन मैचों में नौ अंकों के साथ भारत एलीट पूल में शीर्ष पर है। अब भारत 9 सितंबर को अपने अंतिम पूल मुकाबले में मेजबान चीन का सामना करेगा। चीन के दो मैचों में छह अंक हैं और भारत-चीन मुकाबला पूल में शीर्ष स्थान का फैसला करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे