सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की खिताबी जीत की नायिका रहीं संदीपा ने कहा, यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अहम मंच
राजगीर, 13 अप्रैल (हि.स.)। हॉकी झारखंड ने 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में झारखंड ने हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया।
इस पूरे अभियान में संदीपा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल पांच गोल किए।
संदीपा ने हॉकी इंडिया के हवाले से बताया कि उन्होंने साल 2021 में अपनी बहन और भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी संगीता कुमारी से प्रेरित होकर हॉकी खेलना शुरू किया।
उन्होंने कहा, “मैच से पहले दीदी ने मुझे दिल से खेलने, पूरे समय फोकस बनाए रखने और अपनी क्षमता पर भरोसा रखने की सलाह दी। वह हमेशा कहती हैं कि अपने कौशल पर विश्वास रखो और दबाव में भी आत्मविश्वास बनाए रखो।”
संदीपा ने टूर्नामेंट के महत्व पर कहा, “यह प्रतियोगिता हम जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत अहम मंच है। इससे हमें अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल में आगे बढ़ने का मौका मिलता है।”
उन्होंने आनंदना फाउंडेशन का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से महिला हॉकी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया, “हमने टूर्नामेंट से पहले लगातार 15 दिन तक अभ्यास किया। हमारा लक्ष्य साफ था कि हमें फिर से चैंपियन बनना है और हमने पूरी मेहनत की।”
फाइनल में दिखाया दम
फाइनल मुकाबले को लेकर उन्होंने कहा, “हमने पूरे जोश के साथ खेला। एक गोल खाने के बाद भी हमने विश्वास नहीं खोया और अंत तक जीत के लिए प्रयास करते रहे।”
इस जीत के साथ हॉकी झारखंड ने एक बार फिर अपनी मजबूत टीम और शानदार प्रदर्शन का प्रमाण दिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

