home page

काहिरा में 09 दिसंबर से होगा पहला एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्वकप, भारत की पुरुष और महिला टीमें लेंगी हिस्सा

 | 
काहिरा में 09 दिसंबर से होगा पहला एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्वकप, भारत की पुरुष और महिला टीमें लेंगी हिस्सा


भारतीय पुरुष टीम बांग्लादेश, स्विट्जरलैंड और चिली के साथ पूल बी मेंमहिला टीम पूल ए में मिस्र, ब्राजील और कजाखस्तान से भिड़ेगी

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। पहले एफआईएच यूथ हॉकी 5 ए साइड विश्वकप 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मिस्र की राजधानी काहिरा में 09 से 12 दिसंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष और महिला टीमें दुनिया की उभरती युवा हॉकी प्रतिभाओं के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी।

भारत ने इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता के लिए इसी साल जुलाई में ओमान के मस्कट में आयोजित यूथ हॉकी 5 ए साइड एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के दम पर क्वालीफाई किया था। भारतीय युवा पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर विश्वकप में अपनी जगह पक्की की थी, जबकि महिला टीम ने रजत पदक हासिल कर विश्वकप के लिए क्वालीफाई किया था। इस तरह भारत दोनों वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेगा।

पुरुष वर्ग में भारत को पूल बी में बांग्लादेश, स्विट्जरलैंड और चिली के साथ रखा गया है। भारतीय युवा टीम महाद्वीपीय प्रतियोगिता में मिली सफलता की लय को बरकरार रखते हुए विश्वकप के पहले संस्करण में दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी।

वहीं, भारतीय महिला टीम पूल ए में मेजबान मिस्र, ब्राजील और कजाखस्तान के साथ है। मस्कट में रजत पदक जीतकर विश्वकप में जगह बनाने वाली भारतीय महिला टीम वैश्विक मंच पर अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने तथा खिताब की दौड़ में शामिल होने के इरादे से उतरेगी।

इस प्रतियोगिता में दुनिया भर की उभरती हॉकी प्रतिभाएं हिस्सा लेंगी। युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने और तेज गति वाले हॉकी पांच प्रारूप में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल 11 दिसंबर को खेले जाएंगे, जबकि पदक मुकाबले 12 दिसंबर को होंगे। इसी दिन काहिरा में पहले यूथ पुरुष और यूथ महिला हॉकी 5 ए साइड विश्व चैंपियन का फैसला होगा।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने दोनों टीमों पर भरोसा जताते हुए प्रतियोगिता से पहले उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, पहले एफआईएच यूथ हॉकी 5 ए साइड विश्व कप में खेलना हमारी दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस साल की शुरुआत में मस्कट में उनके प्रदर्शन ने उनकी क्षमता और दृढ़ संकल्प को दिखाया था। हम काहिरा में खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वे अपने प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित करेंगे।

भारत के मुकाबलों का कार्यक्रम

महिला वर्ग (पूल ए)

09 दिसंबर : भारत बनाम ब्राजील (भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजे)।

09 दिसंबर : भारत बनाम मिस्र (भारतीय समयानुसार रात 11:20 बजे)।

10 दिसंबर : भारत बनाम कजाखस्तान (भारतीय समयानुसार शाम चार बजे)।

पुरुष वर्ग (पूल बी)

09 दिसंबर : भारत बनाम बांग्लादेश (भारतीय समयानुसार शाम 04 बजे)।

10 दिसंबर : भारत बनाम स्विट्जरलैंड (भारतीय समयानुसार दोपहर 12:40 बजे)।

10 दिसंबर : भारत बनाम चिली (भारतीय समयानुसार रात 08 बजे)।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे