सब जूनियर महिला हॉकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दूसरे दिन गोवा, बंगाल, चंडीगढ़ और उत्तराखंड की जीत
रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)। 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दूसरे दिन गुरुवार को डिवीजन ‘सी’ में गोवा हॉकी ने जीत दर्ज की, जबकि डिवीजन ‘बी’ में हॉकी बंगाल, हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी उत्तराखंड ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
दिन की शुरुआत डिवीजन ‘सी’ के पूल-ए मुकाबले से हुई, जिसमें गोवा ने तेलंगाना हॉकी को 6-3 से हराया। गोवा के लिए कप्तान डेलिना मेंडेस (40’, 41’) और बर्टिला केरकेट्टा (48’, 52’) ने दो-दो गोल किए, जबकि सीमा तिर्की (3’) और विद्या कुमारी (16’) ने भी टीम के लिए योगदान दिया। तेलंगाना हॉकी के लिए आनंदी महानंद (30’, 36’) और नव्याश्री अकुला (15’) ने गोल किए।
डिवीजन ‘बी’ के पूल-ए मुकाबले में हॉकी बंगाल ने दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव हॉकी को 1-0 से हराया। टीम की कप्तान पूजा कुमारी शॉ (21’) ने दूसरे क्वार्टर में विजयी गोल दागा।
इसके बाद डिवीजन ‘बी’ के पूल-बी मैच में हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी गुजरात को 12-1 से करारी शिकस्त दी। कप्तान काफ़ी (38’, 46’, 55’, 60’) ने चार गोल दागे, जबकि अन्नू (9’, 30’), आंचल (12’, 14’), नैन्सी कश्यप (13’, 18’), भावना (10’) और यास्मिन शर्मा (20’) ने भी गोल किए। हॉकी गुजरात के लिए कप्तान नियति परमार (23’) ने एकमात्र गोल किया।
दिन के अंतिम मुकाबले में हॉकी उत्तराखंड ने हॉकी कर्नाटक को 6-1 से हराया। करीना (10’, 12’, 17’) ने हैट्रिक लगाई, जबकि कप्तान मीनाक्षी (7’), देवयानी जोशी (53’) और दिया (60’) ने भी गोल किए। हॉकी कर्नाटक के लिए प्रीति नीलारड्डी (31’) ने एकमात्र गोल किया।
चैंपियनशिप के दूसरे दिन कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगे की राह मजबूत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

