home page

लालरेम्सियामी ने 200 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए, हॉकी इंडिया ने दी बधाई दी

 | 
लालरेम्सियामी ने 200 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए, हॉकी इंडिया ने दी बधाई दी


काकामिगाहारा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड लालरेम्सियामी को देश के लिए 200 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर बधाई दी है। उन्होंने यह उपलब्धि एशियन खेल 2026 में चीन के खिलाफ भारत के स्वर्ण पदक मैच के दौरान हासिल की।

26 साल की लालरेम्सियामी ने 2017 में अपना सीनियर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था और तब से उन्होंने भारतीय महिला टीम में खुद को एक अहम सदस्य के तौर पर स्थापित किया है। उन्होंने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में योगदान दिया है और टीम की कुछ सबसे बड़ी कामयाबियों में अहम भूमिका निभाई है।

उनके पदक जीतने के सफर में 2018 एशियन खेल में रजत और 2022 में कांस्य पदक शामिल है। साथ ही, वह उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं जिसने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक था। एफआईएच नेशंस कप में, लालरेम्सियामी ने 2022 और 2026 में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में मदद की।

उन्हें कॉन्टिनेंटल लेवल पर भी काफी कामयाबी मिली है। वह 2017 में भारत के स्वर्ण पदक जीतने वाले एशिया कप कैंपेन का हिस्सा थीं, जिसके बाद 2022 में ब्रॉन्ज और 2025 में रजत पदक जीता। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में, उन्होंने 2023 और 2024 में स्वर्ण पदक जीता, साथ ही 2018 में रजत पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहीं।

पदक जीतने की कामयाबियों के अलावा, लालरेम्सियामी भारतीय महिला हॉकी के ऐतिहासिक कैंपेन का भी हिस्सा रही हैं। वह उस टीम का हिस्सा थीं जिसने टोक्यो 2020 में ओलंपिक में अपना अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और चौथे स्थान पर रहीं। साथ ही, वह उस टीम का भी हिस्सा थीं जिसने 2026 एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया - जो 1974 में टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद से भारत का अब तक का सबसे अच्छा नतीजा था।

भारतीय हॉकी में उनके लगातार योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, हॉकी इंडिया लालरेम्सियामी को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देता है और राष्ट्रीय टीम के प्रति उनके समर्पण, निरंतरता और योगदान की सराहना करता है। 2017 में सीनियर डेब्यू करने से लेकर 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने तक का उनका सफर उनके कमिटमेंट का सबूत है।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने भी लालरेम्सियामी को शुभकामनाएं दीं। महासचिव ने कहा, लालरेम्सियामी का 200 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना भारतीय हॉकी के लिए गर्व की बात है। उनके कमिटमेंट और लड़ने के जज्बे ने उन्हें इतने सालों में राष्ट्रीय टीम का अहम हिस्सा बना दिया है। उन्होंने भारत के कुछ सबसे यादगार अभियानों में योगदान दिया है, और हॉकी इंडिया उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे