home page

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के नए कोच बने फ्रेडरिक सोयेज

 | 
भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के नए कोच बने फ्रेडरिक सोयेज


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को फ्रांस के अनुभवी कोच फ्रेडरिक सोयेज को भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भारत के 2036 ओलंपिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए मजबूत और दीर्घकालिक हाई-परफॉर्मेंस ढांचा तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

यूरोपीय हॉकी के सबसे अनुभवी और सफल कोचों में गिने जाने वाले फ्रेडरिक सोयेज के पास तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वह 15 वर्षों तक फ्रांस के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे, जबकि पिछले 15 वर्षों से विश्व स्तरीय हॉकी टीमों के मुख्य कोच के रूप में काम कर चुके हैं।

फ्रेडरिक सोयेज ने 1995 से 2010 तक फ्रांस के लिए खेलते हुए 196 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 195 गोल दागे। इसके बाद उन्होंने फ्रांस और स्पेन की राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीमों को कोचिंग दी। वह तीन ओलंपिक खेलों का अनुभव भी रखते हैं। उन्होंने स्पेन टीम को रियो 2016 और टोक्यो 2020 ओलंपिक में मार्गदर्शन दिया, जबकि पेरिस 2024 ओलंपिक में फ्रांस टीम के मुख्य कोच रहे।

उनकी कोचिंग में स्पेन ने 2019 यूरोपीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। इसके अलावा टीम ने रियो और टोक्यो ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया।

युवा खिलाड़ियों को निखारने में भी सोयेज का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 2013 में दिल्ली में आयोजित एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में फ्रांस को ऐतिहासिक रजत पदक दिलाया था। हाल ही में उन्होंने 2025 यूरोपीय चैंपियनशिप में फ्रांस की अंडर-18 पुरुष टीम को भी रजत पदक तक पहुंचाया।

सोयेज 2021 से 2024 तक फ्रेंच हॉकी फेडरेशन के हाई-परफॉर्मेंस निदेशक भी रहे, जहां उन्होंने खिलाड़ियों के विकास और प्रदर्शन प्रणाली की जिम्मेदारी संभाली।

उनके कोचिंग करियर में दो एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप (2018 और 2023) तथा छह यूरोपीय चैंपियनशिप शामिल हैं। घरेलू स्तर पर उन्होंने लिले एमएचसी क्लब को 2012 में फ्रेंच इंडोर और आउटडोर चैंपियनशिप खिताब भी दिलाए।

फ्रेडरिक सोयेज को हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम, खिलाड़ी विकास और पेनल्टी कॉर्नर रणनीति के विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है। उनकी टीमों की खास पहचान मजबूत रणनीति और निरंतर प्रदर्शन रही है।

हॉकी इंडिया अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, “हम फ्रेडरिक सोयेज का हॉकी इंडिया परिवार में स्वागत करते हैं। उनके पास ओलंपिक, विश्व कप और यूरोपीय चैंपियनशिप का व्यापक अनुभव है। हमें विश्वास है कि उनका अनुभव भारतीय हॉकी को 2036 ओलंपिक के दीर्घकालिक लक्ष्य की दिशा में मजबूती देगा।”

उन्होंने आगे कहा कि हॉकी इंडिया का उद्देश्य सिर्फ तत्काल परिणाम हासिल करना नहीं, बल्कि सब-जूनियर से लेकर सीनियर स्तर तक एक मजबूत और एकीकृत कोचिंग संरचना तैयार करना है।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “हमारा लक्ष्य जमीनी स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत विकास प्रणाली तैयार करना है। फ्रेडरिक सोयेज का अनुभव भारतीय जूनियर हॉकी कार्यक्रम को नई दिशा देगा और भविष्य के लिए मजबूत प्रतिभा तैयार करने में मदद करेगा।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे