home page

भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी के फाइनल में बनाई जगह

 | 
भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी के फाइनल में बनाई जगह


काकामिगाहारा (जापान), 05 जून (हि.स.)। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में 5-3 से हराकर अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अंतिम क्वार्टर तक 2-3 से पीछे चल रही भारतीय टीम ने जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत की जीत के नायक आशीष तानी पूर्ति रहे, जिन्होंने चार गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 12वें, 49वें, 53वें और 56वें मिनट में गोल किए, जबकि भारत का एक अन्य गोल शाहरुख अली ने 35वें मिनट में किया। पाकिस्तान की ओर से अदील, मुहम्मद फरहान असलम और उजैर अहमद कुरैशी ने गोल किए।

मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों के बीच मिडफील्ड में कड़ी टक्कर के साथ हुई। भारत को 12वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने आक्रामक खेल दिखाया और 27वें मिनट में अदील ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने 35वें मिनट में शाहरुख अली के गोल से फिर बढ़त बनाई, लेकिन पाकिस्तान ने दो मिनट बाद बराबरी कर ली। इसके बाद 42वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर पाकिस्तान ने पहली बार 3-2 की बढ़त हासिल कर ली।

अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम ने दमदार वापसी की। लगातार पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने के बाद आशीष तानी पूर्ति ने 49वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद उन्होंने 53वें मिनट में हैट्रिक पूरी करते हुए भारत को 4-3 से आगे कर दिया।

मैच खत्म होने से चार मिनट पहले भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला और आशीष ने अपना चौथा गोल करते हुए टीम की बढ़त 5-3 कर दी। भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम मिनटों में संयम बनाए रखा और जीत सुनिश्चित कर ली।

मैच के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने कहा,“सबसे पहले मैं पूरी टीम को बधाई देना चाहता हूँ। पिछले डेढ़-दो महीने में हमने ऑस्ट्रेलिया सीरीज और प्रशिक्षण शिविरों के दौरान लगातार मेहनत की और हर सत्र में टीम ने सुधार दिखाया। इसी का परिणाम है कि हम फाइनल में पहुंचे हैं। हमारा लक्ष्य अच्छा हॉकी खेलना और प्रशिक्षण में सीखी बातों को मैदान पर लागू करना था।”

उन्होंने आगे कहा,“आज भी कुछ गलतियाँ हुई हैं, जिन पर हम काम करेंगे। फाइनल से पहले खिलाड़ी पहले रिकवरी पर ध्यान देंगे और फिर जापान के खिलाफ रणनीति बनाएंगे। जापान इस टूर्नामेंट में अच्छा खेल रहा है और हम उसकी कमजोरियों पर काम करेंगे।”

अब भारतीय टीम 6 जून को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे फाइनल में जापान से भिड़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे