हीरो हॉकी इंडिया लीग 2027 के लिए खिलाड़ी पंजीकरण शुरू, भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने हीरो हॉकी इंडिया लीग 2027 के लिए खिलाड़ियों के पंजीकरण प्रक्रिया की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। खिलाड़ी नीलामी सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी, जबकि पंजीकरण 15 मई 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू हो चुका है।
2024-25 सीजन में लीग की सफल वापसी और 2025-26 संस्करण की लोकप्रियता के बाद आगामी सीजन को और अधिक भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली हीरो हॉकी इंडिया लीग में भारत समेत दुनिया के कई प्रमुख हॉकी देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
हॉकी इंडिया के अनुसार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण खुले हैं। यह लीग विश्व हॉकी में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का बड़ा मंच प्रदान करती है।
पुरुष वर्ग के पात्र देश
भारत, नीदरलैंड, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, अर्जेंटीना, जर्मनी, स्पेन, आयरलैंड, फ्रांस, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया और जापान।
महिला वर्ग के पात्र देश
भारत, नीदरलैंड, अर्जेंटीना, बेल्जियम, चीन, स्पेन, इंग्लैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, चिली, अमेरिका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और जापान।
पंजीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
पंजीकरण प्रारंभ: 15 मई 2026, सुबह 11:00 बजे
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 24 जुलाई 2026, मध्यरात्रि
पिछले सीजन में हीरो हॉकी इंडिया लीग में 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें 500 से ज्यादा भारतीय पुरुष खिलाड़ी, 350 भारतीय महिला खिलाड़ी और 240 से अधिक विदेशी खिलाड़ी शामिल थे। इससे लीग की बढ़ती लोकप्रियता और वैश्विक आकर्षण का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पिछले संस्करण में महिला वर्ग का खिताब एसजी पाइपर्स ने जीता था, जबकि पुरुष वर्ग में वेदांता कलिंगा लांसर्स चैंपियन बना था।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, “हीरो हॉकी इंडिया लीग ने खुद को विश्व हॉकी के सबसे रोमांचक मंचों में फिर से स्थापित किया है। पिछले सीजनों में खिलाड़ियों और दर्शकों का शानदार उत्साह देखने को मिला। हमें उम्मीद है कि 2027 संस्करण और भी बड़ा और प्रतिस्पर्धी होगा।”
वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा,“पिछले संस्करणों की सफलता ने लीग को नई पहचान दी है। खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि उन्हें इस मंच पर भरोसा है। यह लीग न केवल विश्वस्तरीय हॉकी को बढ़ावा देती है, बल्कि भारतीय हॉकी के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।”
हीरो हॉकी इंडिया लीग 2027 में एक बार फिर दुनिया भर के उभरते और स्थापित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे, जिससे भारतीय हॉकी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

