home page

एशियाई खेल: भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से रौंदा

 | 
एशियाई खेल: भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से रौंदा


गिफू, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पूल बी के मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 से करारी शिकस्त दी। गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में सोमवार को खेले गए मुकाबले में भारत की ओर से दीपिका, रुतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने हैट्रिक लगाई।

भारत की ओर से सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने दो-दो गोल किए, जबकि इशिका और कप्तान सलीमा टेटे ने भी गोल दागे। इससे पहले भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था। मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने की टीम लगातार दो जीत के साथ अजेय बनी हुई है। भारत का अगला मुकाबला बुधवार को थाईलैंड से होगा।

भारत को शुरुआती क्वार्टर में लय हासिल करने में थोड़ा समय लगा। टीम ने लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और दीपिका ने आठवें मिनट में चौथे प्रयास पर गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद भारत ने चार मिनट के भीतर तीन और गोल दागकर पहले क्वार्टर की समाप्ति तक 4-0 की बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा और लालरेमसियामी ने अपना दूसरा गोल करते हुए टीम की बढ़त को और मजबूत किया। मध्यांतर तक भारत 9-0 से आगे था।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में खेल की धारा के विपरीत इंडोनेशिया ने अपना एकमात्र गोल किया।

इनेस अडितिया ने भारतीय गोलकीपर बिचु देवी को छकाते हुए नजदीकी पोस्ट से गेंद को गोल में पहुंचाया।

चौथे क्वार्टर में नवनीत कौर ने दमदार बैकहैंड शॉट के जरिए गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत ने 17-1 की बड़ी जीत के साथ मुकाबला समाप्त किया।

दो मैचों में छह अंकों के साथ भारत पूल बी में शीर्ष पर है। टीम का गोल अंतर भी 35 का है। हालांकि, ग्रुप चरण में भारत के सामने अब अपेक्षाकृत कड़ी चुनौतियां होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे