home page

भारतीय खिलाड़ी अभिषेक ने पूरे किए 150 अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने किया सम्मानित

 | 
भारतीय खिलाड़ी अभिषेक ने पूरे किए 150 अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने किया सम्मानित


जालंधर, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी अभिषेक ने शुक्रवार को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 में जापान के खिलाफ लीग चरण के मुकाबले के दौरान भारत के लिए 150 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का आंकड़ा पूरा किया। इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई दी।

मुकाबले से पहले एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष और हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने अभिषेक को विशेष स्मृति जर्सी भेंट की। वहीं, जालंधर के पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने उन्हें विशेष हॉकी स्टिक देकर सम्मानित किया।

27 वर्षीय अभिषेक ने वर्ष 2022 में सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी तेज गति, शानदार मूवमेंट और गोल करने की क्षमता से भारतीय टीम के आक्रमण में अहम स्थान बनाया। उन्होंने कम समय में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत की सफलता में योगदान दिया है।

अभिषेक के करियर की प्रमुख उपलब्धियों में पेरिस ओलंपिक-2024 का कांस्य पदक और हांगझोऊ-2023 तथा आइची-नागोया-2026 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक शामिल हैं। वह वर्ष 2025 में राजगीर में आयोजित एशिया कप और 2024 में हुलुनबुइर में हुई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं।

इसके अलावा, अभिषेक ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां भारतीय टीम ने रजत पदक जीता था। उनके इन प्रदर्शन और भारतीय हॉकी में योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2024 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने अभिषेक को 150 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा, “अभिषेक की वर्ष 2022 में पदार्पण के बाद से अब तक की यात्रा उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और टीम के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य और आगे भी निरंतर सफलता की कामना करता हूं।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी अभिषेक की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “अभिषेक का 150 अंतरराष्ट्रीय मैचों का आंकड़ा पूरा करना भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में उनका प्रदर्शन देश के लिए कुछ कर गुजरने की उनकी क्षमता और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। मैं उन्हें इस मुकाम पर पहुंचने के लिए बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे