home page

भारथ क्लासिक: मोरक्को में भुल्लर और पुखराज पर रहेंगी भारतीय उम्मीदें

 | 
भारथ क्लासिक: मोरक्को में भुल्लर और पुखराज पर रहेंगी भारतीय उम्मीदें


एल जदीदा (मोरक्को), 03 जून (हि.स.)। इस सप्ताह मोरक्को में आयोजित होने वाले 5 लाख अमेरिकी डॉलर इनामी एएम ग्रीन आईजीपीएल भारथ क्लासिक में भारतीय गोल्फरों की मजबूत चुनौती देखने को मिलेगी। भारतीय खिलाड़ियों की अगुवाई एशियन टूर पर सबसे अधिक खिताब जीतने वाले सक्रिय खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर और आईजीपीएल ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता पुखराज सिंह गिल करेंगे।

आईजीपीएल टूर के प्रमुख टूर्नामेंट एएम ग्रीन आईजीपीएल भारथ क्लासिक का यह दूसरा संस्करण है। पिछले वर्ष इसका आयोजन भारत के केन्सविल गोल्फ रिजॉर्ट में हुआ था, जबकि इस बार प्रतियोगिता मोरक्को में आयोजित की जा रही है।

इस टूर्नामेंट में एशियन टूर के कई बड़े नाम भी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें पूर्व ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता थाईलैंड के जैज जनवत्तनानंद, मौजूदा ऑर्डर ऑफ मेरिट में तीसरे स्थान पर चल रहे दक्षिण अफ्रीका के इयान स्नाइमन और पिछले साल के विजेता थाईलैंड के पूसित सुपुप्रमाई शामिल हैं।

भारतीय चुनौती इस बार बेहद मजबूत होगी क्योंकि 40 से अधिक भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में जगह बनाई है। गगनजीत भुल्लर के अलावा करनदीप कोचर, उदयन माने, कार्तिक सिंह, शौर्य भट्टाचार्य, अमन राज, सचिन बैसोया और आर्यन रूपा आनंद भी मैदान में उतरेंगे।

भुल्लर एशियन टूर पर अपने अगले खिताब की तलाश में हैं। उनका आखिरी एशियन टूर खिताब नवंबर 2023 में आया था। हालांकि उसके बाद उन्होंने आईजीपीएल में चार खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है।

पुखराज सिंह गिल ने कहा कि आईजीपीएल भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच दे रहा है और इससे उन्हें इंटरनेशनल सीरीज जैसे बड़े आयोजनों तक पहुंचने का मौका मिला है।

प्रतियोगिता में कुल 144 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 36 होल के बाद कट लागू होगा और शीर्ष 65 खिलाड़ी तथा बराबरी पर रहने वाले गोल्फर अंतिम दो दौर में जगह बनाएंगे।

इस सप्ताह का आयोजन स्थल मजागान बीच एंड गोल्फ रिजॉर्ट है, जो मोरक्को के अटलांटिक तट पर स्थित 18 होल का शानदार गोल्फ कोर्स है। इसका डिजाइन दक्षिण अफ्रीका के नौ बार मेजर विजेता गैरी प्लेयर ने तैयार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे