सब-जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी करेंगे अनंतपुर, गुवाहाटी और नारायणपुर
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर, असम के गुवाहाटी और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 2026-27 सत्र की सब-जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप (एनएफसी) के बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 10 से 17 दिसंबर तक होगी, जबकि बालकों का टूर्नामेंट 15 से 20 जनवरी, 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अनुसार गुवाहाटी दोनों वर्गों की टियर-1 प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। अनंतपुर में बालिका वर्ग की टियर-2 और नारायणपुर में बालक वर्ग की टियर-2 प्रतियोगिता खेली जाएगी। अगस्त में घोषित प्रतियोगिता का नया प्रारूप पहली फीफा अंडर-15 विश्व कप और फुटबॉल महोत्सव के दिशा-निर्देशों पर आधारित है। इसके तहत मुकाबले आठ खिलाड़ियों वाली टीमों के बीच खेले जाएंगे। मैच में 20-20 मिनट के दो हाफ होंगे और मध्यांतर पांच मिनट का रहेगा। मैदान का आकार 68 मीटर लंबा और 50 मीटर चौड़ा होगा।
नए प्रारूप में असीमित रोलिंग बदलाव की अनुमति होगी। इसके तहत खिलाड़ी कई बार मैदान से बाहर जाने और दोबारा खेलने के लिए मैदान में लौट सकेंगे। बदलाव खेल के दौरान मध्य रेखा से किए जा सकेंगे, जबकि गोलकीपर को बदलने के लिए खेल रुकना जरूरी होगा। टूर्नामेंट के कार्यक्रम में लगातार मैच दिवस रखे जाएंगे। इसके बाद नॉकआउट चरण शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से एक दिन का विश्राम दिया जाएगा।
बालक और बालिका वर्ग की टियर-1 प्रतियोगिता में 16-16 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक वर्ग की टीमों को चार-चार के चार समूहों में बांटा गया है। बालक वर्ग की टियर-2 प्रतियोगिता में भी 16 टीमें होंगी, जबकि बालिका वर्ग की टियर-2 में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। बालिका वर्ग की टियर-2 टीमों को चार समूहों में बांटा गया है, जिनमें दो समूहों में चार-चार और दो समूहों में तीन-तीन टीमें होंगी। सभी टियर में समूह विजेता टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
टियर-2 के दोनों फाइनलिस्ट अगले सत्र में टियर-1 में पदोन्नत होंगे। उनकी जगह टियर-1 की निचले स्थान पर रहने वाली दो टीमें टियर-2 में उतरेंगी।
2025-26 सत्र में बालिका वर्ग की सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश और केरल ने पदोन्नति हासिल की थी, जबकि हरियाणा और तमिलनाडु को टियर-2 में जाना पड़ा था। बालक वर्ग में तमिलनाडु और राजस्थान ने टियर-1 में जगह बनाई थी, जबकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश टियर-2 में चले गए थे।
बालिका वर्ग की टियर-1 प्रतियोगिता में झारखंड मौजूदा चैंपियन है। उसने पिछले सत्र के फाइनल में मणिपुर को 3-2 से हराकर खिताब जीता था। वहीं, बालक वर्ग की टियर-1 प्रतियोगिता का खिताब पश्चिम बंगाल के पास है, जिसने फाइनल में दिल्ली को 3-0 से मात दी थी।
बालिका वर्ग टियर-1 का समूह विभाजन
समूह ए में मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को रखा गया है। समूह बी में झारखंड, पश्चिम बंगाल, मेघालय और केरल शामिल हैं। समूह सी में बिहार, ओडिशा, कर्नाटक और मिजोरम हैं, जबकि समूह डी में महाराष्ट्र, गुजरात, मेजबान असम और दिल्ली को जगह मिली है।
बालिका वर्ग टियर-2 का समूह विभाजन
समूह ए में अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, मेजबान आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ हैं। समूह बी में जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, तमिलनाडु और राजस्थान शामिल हैं। समूह सी में त्रिपुरा, पुडुचेरी और गोवा हैं, जबकि समूह डी में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार को रखा गया है।
बालक वर्ग टियर-1 का समूह विभाजन
समूह ए में पश्चिम बंगाल, केरल, गुजरात और कर्नाटक हैं। समूह बी में पंजाब, झारखंड, राजस्थान और मिजोरम शामिल हैं। समूह सी में दिल्ली, मेजबान असम, तमिलनाडु और गोवा हैं, जबकि समूह डी में मणिपुर, ओडिशा, बिहार और महाराष्ट्र को जगह मिली है।
बालक वर्ग टियर-2 का समूह विभाजन
समूह ए में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सर्विसेज और पुडुचेरी हैं। समूह बी में उत्तराखंड, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और मेजबान आंध्र प्रदेश शामिल हैं। समूह सी में हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव तथा तेलंगाना हैं। समूह डी में अंडमान एवं निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और त्रिपुरा को रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

