home page

चेल्सी छोड़ नॉटिंघम फॉरेस्ट से पांच साल के अनुबंध पर जुड़े लियाम डेलाप

 | 
चेल्सी छोड़ नॉटिंघम फॉरेस्ट से पांच साल के अनुबंध पर जुड़े लियाम डेलाप


नॉटिंघम, 27 अगस्त (हि.स.)। इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब नॉटिंघम फॉरेस्ट ने स्ट्राइकर लियाम डेलाप को चेल्सी से पांच साल के अनुबंध पर अपने साथ जोड़ा है।

क्लब ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर करार की पुष्टि की। 23 वर्षीय डेलाप ने पिछले सत्र में चेल्सी के लिए सभी प्रतियोगिताओं में 47 मुकाबले खेले, जिसमें पांच मैच चैंपियंस लीग के थे। उन्होंने बार्सिलोना के खिलाफ चेल्सी की 3-0 की जीत में अपना पहला चैंपियंस लीग गोल किया था।

डेलाप 2024-25 सत्र में इप्सविच टाउन के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद चेल्सी पहुंचे थे। इप्सविच के प्रीमियर लीग में 22 साल बाद वापसी वाले सत्र में डेलाप 12 गोल के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर रहे थे। डेलाप ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत मैनचेस्टर सिटी से की थी। इसके बाद 2023-24 सत्र में वह लोन पर हल सिटी से जुड़े थे।

नॉटिंघम फॉरेस्ट से जुड़ने के बाद डेलाप ने कहा, “मैं शुरुआत करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। यह शानदार इतिहास वाला बड़ा क्लब है। मैंने मैनेजर से बात की और उनकी कार्यशैली मुझे पसंद आई। मुझे लगता है कि वह मेरे विकास और अगले स्तर तक पहुंचने में काफी मदद कर सकते हैं। उम्मीद है कि मैं यहां गोल कर टीम के लिए योगदान दूंगा।” उन्होंने कहा कि वह सिटी ग्राउंड में प्रशंसकों के बीच खेलने को लेकर उत्साहित हैं और टीम के साथ मिलकर प्रीमियर लीग में शीर्ष क्लबों को चुनौती देना चाहते हैं।

नॉटिंघम फॉरेस्ट के मुख्य फुटबॉल अधिकारी जॉर्ज सिरियानोस ने डेलाप को प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताते हुए कहा कि क्लब लंबे समय से उन पर नजर रख रहा था। उन्होंने कहा कि डेलाप युवा होने के बावजूद अलग-अलग स्तर पर काफी अनुभव हासिल कर चुके हैं और क्लब की महत्वाकांक्षाओं में योगदान देने के लिए तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे