फीफा विश्व कप: मेरिनो के आखिरी मिनट के गोल से स्पेन सेमीफाइनल में, बेल्जियम को 2-1 से हराया
लॉस एंजिलिस, 11 जुलाई (हि.स.)।
सुपर सब मिकेल मेरिनो ने लगातार दूसरे नॉकआउट मुकाबले में अंतिम क्षणों में गोल दागकर स्पेन को फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। स्पेन ने रोमांचक क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराया और अब उसका सामना सेमीफाइनल में फ्रांस से होगा।
आर्सेनल के मिडफील्डर मेरिनो 86वें मिनट में मैदान पर उतरे और केवल दो मिनट बाद ही निर्णायक गोल कर स्पेन को जीत दिला दी। बेल्जियम के स्थानापन्न गोलकीपर सेन्ने लैमेंस ने पाउ क्यूबार्सी के शॉट को रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मेरिनो के पास पहुंची और उन्होंने कोई गलती नहीं की।
इससे पहले राउंड ऑफ-16 में भी मेरिनो ने पुर्तगाल के खिलाफ 91वें मिनट में विजयी गोल कर स्पेन को क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया था।
मैच के बाद मेरिनो ने कहा, मेरे पास शब्द नहीं हैं। एक बार ऐसा होना ही अविश्वसनीय था, लेकिन लगातार दूसरी बार ऐसा होना और भी खास है। यह किस्मत नहीं, बल्कि तैयारी का नतीजा है। जब मैं मैदान पर उतरता हूं तो हमेशा टीम की मदद करने के लिए तैयार रहता हूं। मेरे साथी लगातार कह रहे थे कि मैं फिर गोल करूंगा। मैं हमेशा टीम के लिए योगदान देना चाहता हूं।
उन्होंने आगे कहा, किसी बड़े टूर्नामेंट में स्पेन के लिए यह मेरा तीसरा मैच विजयी गोल है। पिछले यूरो कप के क्वार्टर फाइनल में भी मैंने जर्मनी के खिलाफ 119वें मिनट में गोल किया था। अभी विश्व कप जीतने के लिए हमारे पास दो और मैच हैं और उम्मीद है कि हम यह सपना पूरा करेंगे। अपने परिवार के साथ इन पलों को जीना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
स्पेन के मुख्य कोच लुइस डी ला फुएंते ने मेरिनो की जमकर तारीफ करते हुए कहा, मिकेल अविश्वसनीय खिलाड़ी हैं। उनके पास कई शानदार गुण हैं और वह किसी भी पोजीशन पर खेल सकते हैं। जब भी हमें उनकी जरूरत होती है, वह हमेशा टीम के लिए खड़े रहते हैं।
स्पेन ने पहला गोल फाबियान रुइज के जरिए किया था, लेकिन बेल्जियम के चार्ल्स डी केटेलारे ने हाफ टाइम से पहले बराबरी दिला दी। दूसरे हाफ में बेल्जियम ने स्पेन के लगातार हमलों का मजबूती से सामना किया, लेकिन अंत में मेरिनो ने जीत दिला दी।
अब स्पेन का सामना सेमीफाइनल में फ्रांस से होगा। दोनों टीमों की पिछली दो बड़ी भिड़ंतों में स्पेन ने जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले पर कोच डी ला फुएंते ने कहा, दो शानदार टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों एक-दूसरे से सावधान रहेंगी। हमने उन्हें लगातार दो बार हराया है और इस बार भी उन्हें बाहर करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

