home page

आईएसएल 2025-26: फारुख चौधरी के शुरुआती गोल से चेन्नईयिन एफसी ने दर्ज की दूसरी जीत

 | 
आईएसएल 2025-26: फारुख चौधरी के शुरुआती गोल से चेन्नईयिन एफसी ने दर्ज की दूसरी जीत


चेन्नई, 17 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में चेन्नईयिन एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली को 1-0 से हराकर सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में फारुख चौधरी का शुरुआती गोल निर्णायक साबित हुआ।

मैच का एकमात्र गोल 11वें मिनट में आया, जब अल्बर्टो नोगुएरा ने सटीक थ्रू बॉल देकर फारुख चौधरी को मौका दिया। फारुख ने शानदार लेफ्ट फुट शॉट लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में पहुंचा दिया, जिसे रोकना गोलकीपर नोरा फर्नांडेज के लिए नामुमकिन रहा।

इस जीत के साथ चेन्नईयिन एफसी आठ मैचों में आठ अंक लेकर अंक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली समान अंकों के साथ नौवें स्थान पर बनी हुई है। फारुख चौधरी को उनके मैच विजेता गोल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

चेन्नईयिन एफसी के मुख्य कोच क्लिफोर्ड मिरांडा ने पिछले मैच की तुलना में टीम में तीन बदलाव किए। अंकित मुखर्जी, मोहम्मद अली बेमामर और डेनियल चीमा चुक्वू को शुरुआती एकादश में शामिल किया गया। टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए शुरुआत से ही दबाव बनाया।

दूसरी ओर, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के कोच टोमाश पावेल टखोर्ज ने एक बदलाव करते हुए मटिजा बाबोविच को टीम में शामिल किया। डिफेंस में एलेक्स साजी ने मजबूती से खेलते हुए कई अहम मौके रोके।

पहले हाफ में चेन्नईयिन का दबदबा रहा, जबकि दिल्ली की टीम मजबूत डिफेंस को भेदने में संघर्ष करती रही। 42वें मिनट में चीमा चुक्वू के गोल करने का सुनहरा मौका एलेक्स साजी के बेहतरीन ब्लॉक से टल गया।

दूसरे हाफ में दिल्ली ने वापसी की कोशिश की। 51वें मिनट में साजी का हेडर गोलकीपर मोहम्मद नवाज ने रोक लिया। 55वें मिनट में साजी ने शानदार टैकल कर फारुख को दूसरा गोल करने से रोका।

मैच के अंतिम समय में दिल्ली ने बराबरी के लिए जोर लगाया। 80वें मिनट में फाने के पास अच्छा मौका था, लेकिन वह उसे भुना नहीं सके। इंजरी टाइम में भी सब्स्टीट्यूट सौरव का शॉट पोस्ट के पास से बाहर चला गया।

आखिरकार चेन्नईयिन एफसी ने मजबूत डिफेंस के दम पर 1-0 की बढ़त बनाए रखी और घरेलू दर्शकों के सामने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे