home page

फीफा विश्व कप 2026: ईरान की भागीदारी की पुष्टि, अमेरिका में ही खेलेगा अपने मैच

 | 
फीफा विश्व कप 2026: ईरान की भागीदारी की पुष्टि, अमेरिका में ही खेलेगा अपने मैच


वैंकूवर, 01 मई (हि.स.)। विश्व फुटबॉल की नियामक संस्था फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने गुरुवार को स्पष्ट कर दिया है कि ईरान फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप 2026 में हिस्सा लेगी और अपने मैच अमेरिका में ही खेलेगी। फीफा अध्यक्ष ने वैंकूवर में आयोजित वैश्विक फुटबॉल महासंघ की कांग्रेस के दौरान यह घोषणा की।

इन्फेंटिनो ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, “मैं शुरुआत में ही यह पुष्टि करना चाहता हूं कि ईरान निश्चित रूप से फीफा विश्व कप 2026 में भाग लेगा और अपने मैच संयुक्त राज्य अमेरिका में खेलेगा।”

48 टीमों वाला बड़ा टूर्नामेंट

फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में 11 जून से 19 जुलाई तक होगा। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे टीमों और अधिकारियों को विभिन्न देशों के बीच लगातार यात्रा करनी होगी। ऐसे में वीजा और कूटनीतिक संबंधों को लेकर चुनौतियां सामने आ सकती हैं।

ईरान ने लगातार चौथी बार किया क्वालीफाई

ईरान ने एशियाई क्वालीफायर के तीसरे चरण में ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लगातार चौथी बार विश्व कप के लिए जगह बनाई है। हालांकि, ईरान फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने अमेरिका और इज़राइल के साथ तनावपूर्ण हालात को लेकर चिंता जताई है।

ग्रुप-जी में कड़ी टक्कर

ईरान को ग्रुप-जी में बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया है। टीम के मुकाबले अमेरिका के लॉस एंजेलिस और सिएटल में खेले जाएंगे।

अगर अमेरिका और ईरान अपनी-अपनी ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हैं, तो दोनों टीमें 3 जुलाई को डलास में होने वाले नॉकआउट मुकाबले में आमने-सामने आ सकती हैं।

वैकल्पिक स्थल की मांग खारिज

ईरान ने अमेरिका में मैच खेलने के बजाय वैकल्पिक स्थल की मांग की थी, लेकिन फीफा ने इसे खारिज कर दिया और स्पष्ट किया कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा।

इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरानी खिलाड़ियों को विश्व कप में भाग लेने की अनुमति होगी, लेकिन उनके साथ ऐसे व्यक्तियों को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिनका संबंध ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे