दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे से 6 अक्टूबर को कोलकाता में भिड़ेगी भारतीय फुटबॉल टीम
नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम 6 अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में दो बार की फीफा विश्व कप चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला खेलेगी।
यह मुकाबला भारत के लिए इस अंतरराष्ट्रीय विंडो में तीसरा बड़ा मैत्री मैच होगा। भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु में पनामा और 3 अक्टूबर को कोलकाता में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील का सामना करेगी।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल की सबसे सफल टीमों में शामिल उरुग्वे वर्तमान में फीफा विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर है। उरुग्वे के मौजूदा मुख्य कोच डिएगो फोरलान 2016 में मुंबई सिटी एफसी के लिए खेल चुके हैं।
उरुग्वे के कोलकाता आने से भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा और मजबूत हो गया है। एक ही फीफा विंडो में तीन विश्व कप खेल चुकी टीमें पनामा, ब्राजील और उरुग्वे भारत का दौरा करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

