home page

एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप क्वालीफायर के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम घोषित

 | 
एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप क्वालीफायर के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम घोषित


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की अंडर-17 महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडरसन ने एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप चीन 2027 क्वालीफायर के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। प्रतियोगिता मलेशिया में 5 से 11 अक्टूबर तक खेली जाएगी।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अनुसार, पिछली प्रतियोगिता की टीम की 11 खिलाड़ी इस बार भी टीम में शामिल हैं। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।

भारत को ग्रुप ई में रखा गया है। टीम 5 अक्टूबर को इराक के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को सीरिया और 11 अक्टूबर को मेजबान मलेशिया से मुकाबला होगा। केवल ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम ही अंतिम प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेगी। सभी मुकाबले सेलांगोर के सेलांग स्थित एमपी सेलांग स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय टीम 2 अक्टूबर को कुआलालंपुर पहुंचेगी।

भारतीय टीम ने जुलाई में बेंगलुरु में तैयारी शिविर शुरू किया था। इसके बाद पिछले महीने ताशकंद का दौरा किया, जहां उसने उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो मैत्री मुकाबले खेले और दोनों गोलरहित ड्रॉ रहे। भारत लौटने के बाद टीम ने गोवा में तैयारियां जारी रखीं और फिलीपींस के खिलाफ दो बंद दरवाजे वाले मैत्री मुकाबले खेले। इनमें भारत को पहले मैच में 2-4 से हार मिली, जबकि दूसरे मुकाबले में उसने 2-0 से जीत दर्ज की।

मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडरसन ने कहा, “गोवा में हमारी तैयारियां बहुत अच्छी रही हैं। हमारे पास बहुत अच्छी घास वाली पिच थी और यहां हमारा प्रवास भी अच्छा रहा। फिलीपींस के खिलाफ खेले गए मुकाबलों से हमें यह समझने में काफी मदद मिली कि क्वालीफायर में हमें किस तरह शुरुआत करनी चाहिए। वह एक अच्छी प्रतिद्वंद्वी टीम थी, जिसने हमारे खेलने के तरीके की अच्छी परीक्षा ली।”

भारत की 23 सदस्यीय टीम:

गोलकीपर: मुन्नी, सनातोंबी देवी इरेंगबाम, सोनम घोष

डिफेंडर: अभिस्ता बासनेट, अंबालिका चानू खुदोंगबाम, दाइना देवी कोंथौजाम, जोयशिनी चानू हुइद्रोम, रितु बड़ाइक, तानिया देवी टोनंबम

मिडफील्डर: अल्वा देवी सेनजाम, बोनिफिलिया शुल्लई, जुलान नोंगमैथेम, मोनिका देवी वाइरोकपाम, प्रितिका बर्मन, रेडिमा देवी चिंगखामायुम, सिल्की देवी सोरोखाइबाम, थांदमोनी बास्की, यशिका हरिबाबू

फॉरवर्ड: अनुष्का कुमारी, दीपिका कुमारी, जोया, निधि, नीरा चानू लोंगजाम

मुख्य कोच: जोआकिम एलेक्जेंडरसन

सहायक कोच: एंथनी एंड्रयूज और निवेथा रामदास

गोलकीपिंग कोच: फैसल के. बापू

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे