एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप क्वालीफायर्स की तैयारी में भारत, फिलीपींस से खेलेगा दो मैत्री मैच
नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2027 क्वालीफायर्स की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सितंबर में फिलीपींस के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी। दोनों मुकाबले 26 और 29 सितंबर को गोवा में खेले जाएंगे। हालांकि, दोनों मैचों के आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी।
भारत और फिलीपींस की अंडर-17 महिला टीमों के बीच यह सिर्फ दूसरा मुकाबला होगा। इससे पहले दोनों टीमें 2017 एएफसी अंडर-16 महिला चैंपियनशिप क्वालीफायर्स में आमने-सामने हुई थीं, जहां फिलीपींस ने भारत को 2-0 से हराया था।
मुख्य कोच जोआकिम अलेक्जेंडरसन की अगुवाई वाली भारतीय टीम फिलहाल ताशकंद में उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो मैत्री मैचों की सीरीज खेल रही है। गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं, जबकि दूसरा मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
फिलीपींस के खिलाफ होने वाले दोनों मुकाबले भारतीय टीम के लिए क्वालीफायर्स से पहले आखिरी अभ्यास मैच होंगे। इसके बाद भारतीय टीम मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर रवाना होगी, जहां 5 से 11 अक्टूबर तक एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप चीन 2027 क्वालीफायर्स खेले जाएंगे।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर को इराक के खिलाफ करेगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को सीरिया और 11 अक्टूबर को मेजबान मलेशिया से मुकाबला होगा।
भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरी बार एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप के लिए क्वालीफाई करने पर होगी। पिछली बार चीन के सुझोउ में आयोजित प्रतियोगिता में यंग टाइग्रेस ने पहली बार टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में पहुंचकर इतिहास रचा था। अब टीम इस प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए लगातार दूसरी बार एशियन कप में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

