कराबाओ कप: मैनचेस्टर सिटी ने आर्सेनल को हराकर दो साल बाद जीता पहला खिताब
लंदन, 23 मार्च (हि.स.)। कराबाओ कप के फाइनल में मैनचेस्टर सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को आर्सेनल को 2-0 से हराकर दो साल बाद खिताब अपने नाम किया। वेम्बली मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में निको ओ’रेली ने दूसरे हाफ में दो गोल कर टीम को जीत दिलाई।
प्रीमियर लीग में शीर्ष पर चल रही आर्सेनल इस मुकाबले में मजबूत दावेदार मानी जा रही थी, लेकिन सिटी के सामने वह पूरी तरह फीकी साबित हुई। इस जीत के साथ सिटी ने इस प्रतियोगिता का नौवीं बार खिताब जीता।
टीम के मुख्य प्रशिक्षक पेप गार्डियोला के लिए यह जीत बेहद खास रही। उनके मार्गदर्शन में टीम ने पांचवीं बार यह खिताब जीता और वह इस प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे सफल प्रशिक्षक बन गए। उन्होंने जोस मोरिन्हो, एलेक्स फर्ग्यूसन और ब्रायन क्लफ के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पहले हाफ में मुकाबला बराबरी का रहा और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में सिटी ने खेल की रफ्तार बढ़ाई और 60वें मिनट में आर्सेनल के गोलकीपर केपा अरिजाबालागा की गलती का फायदा उठाते हुए ओ’रेली ने पहला गोल दागा।
इसके चार मिनट बाद सिटी ने बढ़त दोगुनी कर दी। दाईं ओर से बने शानदार मूव पर मैथियस नुनेस के सटीक पास को ओ’रेली ने हेडर के जरिए गोल में बदल दिया।
आर्सेनल के खिलाड़ियों में निराशा साफ दिखी। बेन व्हाइट को विरोधी खिलाड़ी पर फाउल करने के कारण पीला कार्ड भी मिला। अंत में आर्सेनल ने वापसी की कोशिश की, लेकिन गैब्रियल का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया।
मैच के बाद बर्नार्डो सिल्वा ने ट्रॉफी उठाई, जबकि आर्सेनल के अधिकांश समर्थक मैदान छोड़ चुके थे। सिटी के प्रशंसकों ने जीत का जमकर जश्न मनाया।
गौरतलब है कि सिटी पिछले वर्ष कोई खिताब नहीं जीत सकी थी, लेकिन इस जीत से उसने दिखा दिया कि वह अब भी खिताब की मजबूत दावेदार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

