अर्जेंटीना पर हो रही आलोचना गलत, सेमीफाइनल तक पहुंचना हमारी ताकत का सबूत : कोच स्कालोनी
अटलांटा, 15 जुलाई (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ने से पहले अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर हो रही आलोचना को अनुचित बताया है।
स्कालोनी ने कहा है कि मौजूदा विश्व चैंपियन छह में छह मुकाबले जीतकर अंतिम चार में पहुंचा है और यह अपने आप में टीम की गुणवत्ता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
विश्व कप 2026 में लगातार छह जीत दर्ज करने के बावजूद अर्जेंटीना के प्रदर्शन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। टीम को राउंड ऑफ-32 में केप वर्डे और क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड के खिलाफ अतिरिक्त समय तक संघर्ष करना पड़ा, जबकि प्री-क्वार्टर फाइनल में मिस्र के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करनी पड़ी।
हालांकि स्कालोनी ने इन आलोचनाओं को खारिज करते हुए प्री मैच कॉन्फेंस में कहा, टीम उतना खराब नहीं खेल रही है, जितना लोग कह रहे हैं। अगर हम यहां तक पहुंचे हैं, तो जाहिर है हमने कुछ सही किया है।
स्कालोनी ने अपनी टीम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, मैं अपने खिलाड़ियों का आभारी हूं। उन्होंने हमें तीन बड़े खिताब दिलाए हैं और अब एक और विश्व कप सेमीफाइनल तक पहुंचाया है। हम फाइनल से सिर्फ एक जीत दूर हैं और वहां पहुंचने के लिए अपना सबकुछ झोंक देंगे।
उन्होंने कहा कि इस स्तर पर खेल की खूबसूरती से ज्यादा नतीजे मायने रखते हैं।
उन्होंने कहा, ईमानदारी से कहूं तो मैं इस बात पर ध्यान नहीं देता कि हम ठीक वैसे खेल रहे हैं या नहीं, जैसा मैं चाहता था। डेढ़ महीने पहले अगर किसी ने कहा होता कि हम विश्व कप के सेमीफाइनल में होंगे, तो मैं किसी भी तरह वहां पहुंचने को तैयार हो जाता।
उन्होंने कहा, अब हम विश्व कप के सेमीफाइनल में हैं। यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। हम सभी बेहद उत्साहित और खुश हैं। टीम जिस स्थिति में है, उसी के साथ मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।
अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला विश्व फुटबॉल की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में से एक माना जाता है। वर्ष 1982 के फ़ॉकलैंड युद्ध और विश्व कप के कई ऐतिहासिक मुकाबलों ने इस मुकाबले को विशेष बना दिया है, लेकिन स्कालोनी ने कहा कि राजनीति और इतिहास को खेल से अलग रखना चाहिए।
उन्होंने कहा, सच्चाई यही है कि यह सिर्फ एक फुटबॉल मैच है। कई साल पहले जो हुआ, उसका हमें सम्मान है, लेकिन मैं दोनों चीजों को मिलाकर नहीं देख सकता।
उन्होंने कहा, वह हमारे इतिहास का बेहद दुखद दौर था और अब हम उसे बदल नहीं सकते, लेकिन यह सिर्फ एक फुटबॉल मैच है। दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध हो रहे हैं और हम हमेशा युद्ध का विरोध करते हैं। ऐसे में इस मुकाबले को किसी और नजरिए से देखना मुझे सही नहीं लगता।
उन्होंने कहा, हम उन लोगों को जरूर याद करते हैं, लेकिन यह एक फुटबॉल मैच है। दोनों चीजों को आपस में नहीं मिलाना चाहिए।
अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन को हराकर ग्रुप जे में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद नॉकआउट चरण में उसने केप वर्डे, मिस्र और स्विट्जरलैंड को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मौजूदा विश्व चैंपियन लगातार 12 विश्व कप मुकाबले जीत चुका है और अब लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने से सिर्फ दो जीत दूर है।
बुधवार को अटलांटा में होने वाले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से होगा। इस मुकाबले का विजेता 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में स्पेन के खिलाफ विश्व कप फाइनल खेलेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

