home page

प्रीमियर लीग में कोई मुकाबला आसान नहीं, एक चूक भी पड़ सकती है भारी : चेल्सी कोच शाबी अलोंसो

 | 
प्रीमियर लीग में कोई मुकाबला आसान नहीं, एक चूक भी पड़ सकती है भारी : चेल्सी कोच शाबी अलोंसो


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)।

चेल्सी ने इंग्लिश प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में अच्छी शुरुआत की है। टीम नौ मुकाबलों में 16 अंक लेकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। चेल्सी के मुख्य कोच शाबी अलोंसो ने जियोस्टार को दिए एक साक्षात्कार में लीग की प्रतिस्पर्धा, टीम की रक्षात्मक कमजोरियों और कोल पामर की सर्वश्रेष्ठ पोजीशन को लेकर अपने विचार साझा किए।

अलोंसो ने कहा कि प्रीमियर लीग बेहद चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता है और यहां कोई भी मुकाबला आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, “चेल्सी से जुड़ने से पहले मुझे इस लीग की चुनौती का अंदाजा था, लेकिन यहां आने के बाद सभी टीमों और खिलाड़ियों का स्तर देखने को मिला। हर मुकाबला एक नई परीक्षा होता है। आप हर सप्ताह ऐसी टीम के खिलाफ खेलते हैं, जो या तो खिताब की दौड़ में होती है या फिर लीग में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही होती है। इस लीग में एक पल के लिए भी ध्यान नहीं हटा सकते, क्योंकि यहां की गुणवत्ता आपकी छोटी सी चूक की सजा देगी।”

उन्होंने कहा कि इस चुनौती के कारण टीम को हर मुकाबले के लिए पूरी एकाग्रता के साथ तैयारी करनी पड़ती है। कोचिंग स्टाफ को प्रत्येक प्रतिद्वंद्वी का बारीकी से विश्लेषण करना होता है और खिलाड़ियों को मानसिक तथा शारीरिक रूप से तैयार रखना पड़ता है। कार्यक्रम व्यस्त जरूर है, लेकिन यही इस प्रतियोगिता की चुनौती भी है। चेल्सी के पास अच्छी गुणवत्ता और गहराई वाला दल है, जिसका पूरे सत्र में सही इस्तेमाल करना होगा।

रक्षात्मक प्रदर्शन में सुधार की जरूरत

टीम की रक्षात्मक कमजोरियों पर अलोंसो ने कहा कि अधिक गोल गंवाने के पीछे कोई एक कारण नहीं है, लेकिन यह ऐसा क्षेत्र है जिसमें टीम निश्चित रूप से सुधार करना चाहती है। उन्होंने कहा, “हम इस दिशा में काम कर रहे हैं और टीम लगातार विकसित हो रही है। हमें मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा और कम गोल गंवाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हमने मैदान पर अपनी संरचना और गेंद के बिना खिलाड़ियों की पोजीशनिंग पर काम किया है।”

उन्होंने कहा कि टीम ने कई गोल छोटी-छोटी गलतियों के कारण गंवाए हैं, न कि इसलिए कि विरोधी टीम ने उसकी रक्षापंक्ति को पूरी तरह भेद दिया। यह सकारात्मक बात है, क्योंकि इन गलतियों को सुधारा जा सकता है। टीम को एक इकाई के रूप में अधिक संगठित होना होगा, व्यक्तिगत मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा और अंतिम क्षेत्र में सही फैसले लेने होंगे।

अलोंसो ने कहा कि रक्षात्मक जिम्मेदारी केवल चार डिफेंडरों की नहीं होती। इसकी शुरुआत अग्रिम पंक्ति से होती है, जहां खिलाड़ियों को दबाव बनाने और पीछे लौटकर मदद करने की जरूरत होती है। हर मैच में गोल गंवाने से बचना शायद संभव न हो, लेकिन कम गोल गंवाना निश्चित रूप से संभव है। पूरी टीम के बेहतर तालमेल से क्लीन शीट हासिल करने में मदद मिलेगी।

आक्रमण में आजादी के साथ अनुशासन भी जरूरी

अलोंसो ने कहा कि आक्रमण करने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने की आजादी मिलनी चाहिए, लेकिन इसके साथ अनुशासन भी जरूरी है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ आक्रमण की आजादी देने का मामला नहीं है। खिलाड़ियों को यह समझना होगा कि टीम को किस समय क्या चाहिए। जब आक्रमण करने वाले खिलाड़ी अपने खेल का आनंद लेते हैं, तो टीम बेहतर प्रदर्शन करती है और जीत की संभावना भी बढ़ती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें बिना किसी योजना के खेलने की छूट हो।”

उन्होंने कोल पामर, मॉर्गन रोजर्स, जोआओ पेड्रो और एस्टेवाओ को टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी बताया। उनके मुताबिक कुछ खिलाड़ी टीम को स्थिरता देते हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी अपने कौशल से मैच में अंतर पैदा करते हैं। टीम को इन दोनों पहलुओं के बीच संतुलन बनाकर रखना होगा।

पामर के लिए केंद्रीय आक्रामक मिडफील्डर की भूमिका उपयुक्त

कोल पामर की सर्वश्रेष्ठ पोजीशन के बारे में अलोंसो ने कहा कि उनके लिए पामर की सबसे अच्छी भूमिका केंद्रीय आक्रामक मिडफील्डर की है। उन्होंने कहा, “जब कोल को अग्रिम पंक्ति और विरोधी टीम की रक्षापंक्ति के बीच गेंद मिलती है, तो वह आखिरी पास देने, डिफेंडरों को छकाने, गोल करने और सही समय पर दौड़ लगाने में सक्षम होते हैं। विरोधी टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने की उनकी क्षमता इसी क्षेत्र में नजर आती है।”

अलोंसो ने कहा कि पामर को सही जगह पर गेंद पहुंचाना जरूरी है। मिडफील्डरों और डिफेंडरों को तेजी से उन क्षेत्रों में उन्हें गेंद देनी होगी, जहां वह अपने कौशल का इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने कहा कि पामर केवल गोल करने और मौके बनाने में ही नहीं, बल्कि गेंद के बिना भी मेहनत करते हैं। वह जगह बंद करने और खेल को जोड़ने में टीम की मदद करते हैं, जो संतुलन के लिए महत्वपूर्ण है।

रविवार को सुंदरलैंड से भिड़ेगी चेल्सी

चेल्सी की टीम रविवार, 8 नवंबर को प्रीमियर लीग में सुंदरलैंड का सामना करेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर सीधा प्रसारित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे