home page

पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने वाले शिक्षण संस्थान फर्न पुरस्कार से सम्मानित

 | 
पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने वाले शिक्षण संस्थान फर्न पुरस्कार से सम्मानित


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों को फर्न (फिट इंडिया एम्पावरिंग रिन्यूएबल एंड नॉन-पॉल्यूटिंग मोबिलिटी) पुरस्कार से सम्मानित किया। यह सम्मान उन संस्थानों को दिया गया, जिन्होंने टिकाऊ परिवहन, साइकिल उपयोग, पैदल चलने की संस्कृति और वाहन-मुक्त परिसर विकसित करने में उल्लेखनीय कार्य किया है।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है, जिससे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले। यह प्रयास फिट इंडिया अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु कार्रवाई और कम कार्बन उत्सर्जन वाले भविष्य के लक्ष्य को भी मजबूत करता है।

डॉ. मांडविया ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जामिया मिल्लिया इस्लामिया, कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (ओडिशा) और श्री श्री अनिरुद्धदेव स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (असम) को फर्न गोल्ड पुरस्कार प्रदान किया। इन संस्थानों को पूरे परिसर को वाहन-मुक्त क्षेत्र घोषित करने, जीवाश्म ईंधन आधारित वाहनों के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने तथा साइकिल और विद्युत वाहनों के लिए पार्किंग सुविधाएँ विकसित करने के लिए सम्मानित किया गया।

साई मीडिया ने सोमवार को एक बयान में मांडविया ने कहा कि मुझे उन संस्थानों को सम्मानित करते हुए खुशी हो रही है, जिन्होंने अपने परिसर को पूरी तरह वाहन-मुक्त बनाया है। हमारा लक्ष्य है कि देश के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय वाहन-मुक्त परिसर अपनाएँ, साइकिल उपयोग को बढ़ावा दें और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करें। इससे एक फिट, हरित और टिकाऊ भारत का निर्माण होगा।

फर्न सिल्वर पुरस्कार से सम्मानित संस्थान

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हैदराबाद

लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान, ग्वालियर

पारुल विश्वविद्यालय, वडोदरा

कुमारगुरु प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, चेन्नई

सिल्वर पुरस्कार उन संस्थानों को दिया जाता है, जो सप्ताह में कम से कम एक दिन वाहन-मुक्त दिवस मनाते हैं या परिसर के किसी हिस्से को वाहन-मुक्त क्षेत्र घोषित कर छात्रों के लिए वाहनों के उपयोग को सीमित करते हैं। फर्न पुरस्कार फिट इंडिया वाहन-मुक्त परिसर पहल के अंतर्गत दिया जाता है और उन संस्थानों को सम्मानित करता है जो पैदल चलने, साइकिल उपयोग और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे